नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कोलकाता के RG Kar मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर केस में एक नया ट्विस्ट सामने आया है। पीड़िता के पिता ने दावा किया है कि कोलकाता पुलिस ने उन्हें रिश्वत देने की कोशिश की। पुलिस जल्दी-जल्दी में उनकी बेटी का अंतिम संस्कार करके मामले को दबाना चाहती थी।
मामले को दबाने की कोशिश कर रही थी पुलिस
पीड़िता के पिता ने बताया कि शुरुआत से ही पुलिस मामले को दबाना चाहती थी। हमें शव को देखने की अनुमति नहीं दी गई और हमें पुलिस स्टेशन में इंतजार करना पड़ा क्योंकि शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाना था। इसके बाद हमें शव सौंपा गया और एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने हमें कुछ रुपये ऑफर किए जिसे हमने मना कर दिया।
माता-पिता इंसाफ की कर रहे हैं मांग
पीड़ित के माता-पिता अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार रात को कोलकाता के आर जी कर अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों के साथ मिलकर इंसाफ की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
9 अगस्त को घटना के बाद मुख्य आरोपी हुआ था गिरफ्तार
दरअसल, 9 अगस्त को आर जी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में ट्रेनी डॉक्टर का शव बरामद हुआ था। घटना के एक दिन के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय रॉय को गिरफ्तार कर लिया था। सीसीटीवी फुटेज में संजय क्राइम के समय के आस पास बिल्डिंग में पाया गया। उसके बलूटुथ और हेडफोन क्राइम सीन के पास पाए गए थे।
रेप के बाद हत्या की
जांच में पता लगा है कि डॉक्टर से रेप करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के एक सप्ताह के बाद कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी थी। उल्लेखनीय है कि घटना के बाद से देश भर में इसके खिलाफ प्रदर्शन किए गए।




