नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार की शाम हुए भयावह कार ब्लास्ट की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ा सुराग मिला है। पुलिस ने धमाके में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार का पूरा रूट मैप तैयार कर लिया है। यह कार सुबह 8 बजे बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में दाखिल हुई थी और शाम 6:52 बजे लाल किले के पास जबरदस्त विस्फोट के साथ उड़ गई। इस धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत और कई लोग घायल हो चुके हैं।
कैसे दिल्ली में दाखिल हुई थी धमाके वाली कार?
पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने कार की आवाजाही के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरा टाइमलाइन तैयार किया है।
सुबह 7:30 बजे: i20 कार फरीदाबाद के एशियन अस्पताल के बाहर पहली बार दिखाई दी।
सुबह 8:13 बजे:कार बदरपुर बॉर्डर पहुंची और टोल पार करके दिल्ली में दाखिल हुई। यहां टोल प्लाज़ा के कैमरों में कार की स्पष्ट तस्वीर मिली।
सुबह 8:20 बजे: कार ओखला इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक देखी गई। संभावना है कि वहीं से ईंधन भरवाया गया।
दोपहर 3:19 बजे: कार लाल किला पार्किंग परिसर में दाखिल हुई। करीब तीन घंटे तक वहीं खड़ी रही।
शाम 6:22 बजे: कार पार्किंग से लाल किले की ओर रवाना हुई।
शाम 6:52 बजे: चलते-चलते कार में जोरदार धमाका हुआ। पूरा इलाका आग की लपटों में घिर गया और अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज में दिखे तीन लोग
जांच में एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो 29 अक्टूबर की शाम 4:20 बजे का बताया जा रहा है वीडियो में कार किसी पेट्रोल पंप पर खड़ी नजर आती है, जहां एक व्यक्ति गाड़ी चला रहा है और दो अन्य लोग बैठे हुए दिखाई देते हैं। हालांकि फुटेज की लोकेशन फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
जांच में दो नाम आए सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो नाम सामने आए हैं तारिक पुलवामा निवासी कार इसी के नाम पर रजिस्टर्ड थी। उमर मोहम्मद तारिक का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। दोनों की आतंकी नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि कार में RDX या हाई-इंटेंसिटी विस्फोटक लगाया गया था।





