नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। केरल में स्थानीय निकाय चुनाव 2025 की मतगणना जारी है। ग्राम पंचायत, ब्लॉक पंचायत, जिला पंचायत, नगरपालिकाओं और नगर निगमों के कुल 23,576 वार्डों के नतीजे सामने आने हैं। राज्य के 1200 स्थानीय निकायों में से 1199 में 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था।
दो चरणों में हुआ मतदान
पहले चरण में 70.91% और दूसरे चरण में 76.08% मतदान दर्ज किया गया। ये चुनाव नगर निगमों, नगरपालिकाओं, ग्राम पंचायतों, ब्लॉक पंचायतों और जिला पंचायतों के प्रतिनिधियों के लिए हुए। पहला चरण (9 दिसंबर): तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम सहित 7 जिलों में 11,000 से ज्यादा वार्डों के लिए वोटिंग।दूसरा चरण (11 दिसंबर) 7 जिलों के 595 स्थानीय निकायों में मतदान। कन्नूर जिले की मट्टन्नूर नगरपालिका में इस बार चुनाव नहीं हुए, यहां सितंबर 2027 में चुनाव होंगे।
शुरुआती रुझानों में LDF आगे
शुरुआती आधे घंटे के रुझानों में CPIM के नेतृत्व वाला लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) बढ़त बनाए हुए है। 6 नगर निगमों में: LDF 3 में आगे, UDF 1 में आगे 86 नगरपालिकाएं: LDF 21, UDF 18, NDA 2 में आगे 152 ब्लॉक पंचायतें: LDF 11, UDF 7 में आगे 941 ग्राम पंचायतें: LDF 46, UDF 37, NDA 6 में आगे कांग्रेस नेता शशि थरूर के गढ़ माने जाने वाले तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन में शुरुआती रुझानों में NDA आगे चल रही है। यहां मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है और कांग्रेस भी कड़ी टक्कर दे रही है।
2026 विधानसभा चुनाव से पहले अहम संकेत
राज्यभर में 244 केंद्रों पर मतगणना जारी है। एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए के उम्मीदवार मैदान में हैं और हर स्तर पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। केरल के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे अक्सर मतदाताओं के मूड का संकेत देते हैं। पहले भी 2010 और 2015 के निकाय चुनावों में सत्ताधारी गठबंधन को झटका लगा था और बाद में 2011 और 2016 के विधानसभा चुनाव विपक्ष ने जीते थे। ऐसे में 2025 के ये नतीजे 2026 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं।





