नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विधानसभा चुनाव के लिए राज्य के धर्मदम विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सीपीआई(एम) उम्मीदवार विजयन दूसरी बार धर्मधाम से चुनाव लड़ रहे हैं। कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विजयन जरूरी दस्तावेजों की दो प्रतियां लेकर कन्नूर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। नामांकन के दौरान मार्क्सवादी नेता मुंह पर मास्क और हाथ में दस्ताने पहनने हुए थे। इस दौरान उनके साथ माकपा के कन्नूर जिला सचिव एमवी जयरंजन एवं अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे। पी. विजयन ने नामांकन के बाद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘धर्मदम के एलडीएफ उम्मीदवार के रूप में मैंने नामांकन भरा है। पिछले पांच वर्षों में कार्यान्वित विकास और कल्याण परियोजनाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। हम समृद्ध केरल सुनिश्चित करने के लिए लोगों के साथ खड़े होंगे। लोग पूरे दिल से ‘एलडीएफ फॉर श्योर’ कहते हैं और हमें इसका विश्वास है।’ उल्लेखनीय है कि केरल में 140 विधानसभा की सीटें हैं, जहां एक ही चरण में छह अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे दो मई को आएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/आकाश/ प्रभात ओझा




