नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश के कई राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं। गुजरात और केरल की सीटों पर हुए मुकाबले में तीनों बड़ी पार्टियों बीजेपी, AAP और कांग्रेस को अलग-अलग राज्यों में जीत मिली है। गुजरात में जहां बीजेपी ने कड़ी सीट जीती, वहीं विसावदर सीट आम आदमी पार्टी के खाते में गई। उधर, केरल की नीलांबुर सीट कांग्रेस ने अपने नाम की।
कड़ी सीट पर BJP की बड़ी जीत
गुजरात की कड़ी सीट पर बीजेपी प्रत्याशी राजेंद्र छाबड़ा ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 38 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। यह बीजेपी के लिए राहत की खबर रही।
विसावदर में AAP की ऐतिहासिक जीत
वहीं दूसरी तरफ, बीजेपी गुजरात की विसावदर सीट का किला भेदने में नाकाम रही। यहां से आम आदमी पार्टी के गोपाल इटालिया ने जोरदार जीत दर्ज करते हुए 17,000 से ज्यादा वोटों से मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत को AAP के लिए गुजरात में बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला संकेत माना जा रहा है।
लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में AAP की जीत, संजीव अरोड़ा बने विधायक
लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों के अंतर से हराया। मतगणना के दौरान मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। गिनती के चौथे, पांचवें और छठे राउंड में कांग्रेस के भारत भूषण आशु ने बढ़त बना ली थी, लेकिन बाद के राउंड्स में AAP के संजीव अरोड़ा ने फिर से पकड़ मजबूत कर ली और अंत में बड़ी जीत हासिल की। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जीवन गुप्ता भी शुरूआत में मुकाबले में बने रहे। एक समय तो वे कांग्रेस उम्मीदवार से भी आगे निकल गए थे। हालांकि अंत में वे 15,811 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी परुपकार सिंह घुम्मन को 6,352 वोट मिले। वह इस उपचुनाव में चौथे स्थान पर रहे। AAP की इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्सव के रूप में मनाया। माना जा रहा है कि यह जीत राज्य में पार्टी की नीतियों और लोकप्रियता को दिखाती है। संजीव अरोड़ा की साफ छवि और लोकल कनेक्शन ने भी उन्हें जीत दिलाने में मदद की है।





