नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। झारखंड में पिछले कुछ दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बड़ा बयान दिया है। JMM नेता मनोज पांडेय ने साफ कहा है कि हेमंत सोरेन सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है और गठबंधन टूटने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि JMM-कांग्रेस गठबंधन स्थिर है और सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
हेमंत सोरेन के दिल्ली दौरे ने बढ़ाई थीं अटकलें
हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर की देर शाम दिल्ली गए थे। इसके बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा फैल गई कि वे दिल्ली में BJP नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं और झारखंड में राजनीतिक उलटफेर हो सकता है। लेकिन JMM ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।
JMM का बयान – दिल्ली निजी कारणों से गए थे CM
JMM नेता मनोज पांडेय के अनुसार हेमंत सोरेन दिल्ली निजी कारणों से गए थे। झारखंड की राजनीति को लेकर बेवजह अफवाहें फैलाई जा रही हैं। सरकार पूरी मजबूती के साथ अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किसी तरह की कोई दरार नहीं है। इन अटकलों की शुरुआत दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव से हुई थी। बिहार चुनाव में गठबंधन की तरफ से JMM को एक भी सीट नहीं मिली, जिससे पार्टी नेताओं में नाराजगी की खबरें आई थीं। उधर, झारखंड विधानसभा चुनाव में JMM ने RJD को कुछ सीटें दी थीं, लेकिन बदले में बिहार में JMM को जगह नहीं मिली। यही कारण था कि लोगों ने गठबंधन में तनाव की संभावनाएँ देखनी शुरू कर दी थीं।
JMM महासचिव विनोद पांडेय ने कहा,”भाजपा सिर्फ साजिश रचती है’
JMM महासचिव विनोद पांडेय ने कहा, BJP झारखंड सरकार के खिलाफ अफवाहें फैला रही है। JMM के तीन शब्द ‘झारखंड झुकेगा नहीं’ ही अफवाहों का जवाब हैं। राज्य की जनता सब समझ रही है कि कौन साजिश कर रहा है। युवाओं की JMM इकाई ने भी पोस्ट करते हुए लिखा, “हेमंत सोरेन नाम ही काफी है… संघर्ष से सीखा है, सेवा से जीता है। BJP के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए कहा: BJP और JMM दो अलग किनारों की तरह हैं, दोनों का मिलना संभव ही नहीं है। JMM तुष्टिकरण की राजनीति करती है, इसलिए BJP का उसके साथ आना असंभव है।





