नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनका हालिया बयान राज्य सरकार को कमजोर करने की कोशिश है। अमानक बीजों के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा, “यह बात सही है कि मध्य प्रदेश में देशभर में सबसे ज्यादा खराब गुणवत्ता वाले बीज बिकते हैं, लेकिन शिवराज सिंह चौहान का इस विषय पर बयान देना इस बात का संकेत है कि वे मोहन यादव सरकार को अस्थिर करने की मंशा रखते हैं।” जीतू पटवारी के इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक बड़ा हमला माना जा रहा है, जो भाजपा के भीतर की संभावित अंदरूनी खींचतान की ओर भी इशारा करता है।
“किसानों के साथ हो रहा है धोखा”
जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि प्रदेश के किसान आज गंभीर संकट में हैं और उनके साथ सीधा धोखा किया जा रहा है। पत्रकारों से बातचीत में पटवारी ने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह नकली और खराब बीजों का मुद्दा उठाकर किसानों की सहानुभूति बटोरना चाहते हैं। लेकिन इसका असली मकसद मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार को राजनीतिक रूप से अस्थिर करना है। उन्होंने कहा, “शिवराज सिंह अपने समर्थकों को यह संदेश देना चाहते हैं कि वे अब भी पूरी तरह सक्रिय हैं और मौका मिलने पर दोबारा सत्ता में लौट सकते हैं।”
मूंग खरीदी के फैसले का जीतू पटवारी ने किया स्वागत
जीतू पटवारी ने राज्य सरकार द्वारा मूंग खरीदी के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को इसके लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार को अन्य फसलों के लिए भी किसानों को उचित मूल्य देना चाहिए। जीतू पटवारी ने मांग करते हुए कहा, “गेहूं की खरीदी 2,700 रुपये, धान की 3,100 रुपये और सोयाबीन की खरीदी 6,000 रुपये प्रति क्विंटल होनी चाहिए। यही हमारी मांग है और किसानों के हक में जरूरी भी।”
“जब शिवराज मुख्यमंत्री थे, तब भी होता था, आज भी जारी है”
जीतू पटवारी ने कहा कि बतौर कृषि मंत्री, शिवराज सिंह इस समस्या से बच नहीं सकते क्योंकि अमानक बीजों की जिम्मेदारी उन्हीं की है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि “ऐसे बयान देकर शिवराज सिंह जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते और न ही किसानों की सहानुभूति हासिल कर सकते हैं। राज्य में अमानक बीजों का बड़ा घोटाला होता है, जिसमें हजारों करोड़ की कमीशनबाजी होती है। यह तब भी होता था जब शिवराज मुख्यमंत्री थे, और आज भी जारी है।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसे सबूत और तर्क हैं, जो साबित करते हैं कि मध्य प्रदेश में देशभर में सबसे ज्यादा अमानक बीज आते हैं। इसके लिए उन्होंने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि “शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव दोनों की सरकारें इस गड़बड़ी में बराबर की भागीदार हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों को किसी भी तरह का नुकसान हुआ, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।





