नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड की राजधानी रांची में एक सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सब इंस्पेक्टर की पहचान अनुपम कच्छप के रूप में हुई है। कच्छप पुलिस की स्पेशल ब्रांच में तैनात थे। उनका शव शहर के कांके थाना इलाके में मिला है। इस घटना से रांची के पुलिस महकमें हड़कंप मच गया है।
रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ईटीवी भारत की रिपोर्ट के मुताबिक, रांची के DIG अनूप बिरथरे ने जानकारी दी है कि अनुपम की हत्या उस वक्त हुई जब वह कांके रिंग रोड स्थित इंडियन ढाबा से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस इस मामले की जांच प्रायोरिटी पर कर रही है, अपराधियों की तलाश में कई थानों की पुलिस को लगाया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो 10 थानेदारों को जांच टीम में शामिल किया गया है।
कब हुई वारदात?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनुपम इंडियन ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। रात करीब एक बजे तक पार्टी चली। इसके बाद अनुपम के दोस्त कार से चले गए, वहीं अनुपम अपनी बाइक से लौट रहे थे। रात करीब दो बजे अपराधियों ने सब इंस्पेक्टर पर हमला किया। उन्हें दो गोलियां लगी हैं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। मौके से उनका शव मिलने के बाद पोस्ट मॉर्टम के लिए शव रांची के RIMS अस्पताल में भेज दिया गया है। पुलिस के कई आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं।
कौन थे अनुपम कच्छप?
अनुपम कच्छप साल 2018 में झारखंड पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने BIT सिंदरी से इंजीनियरिंग की है। वह खूंटी जिले के रहने वाले थे और पुलिस की स्पेशल ब्रांच में काम कर रहे थे। वो पुलिस के एक तेज तर्रार अफसर माने जाते थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in/





