नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय और सभी क्षेत्रीय दल अपनी अपनी तैयारी में लगे हुए हैं। झारखंड में विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान हो चुके हैं। राज्य में विधानसभा के चुनाव दो चरणों में पूरे होंगे। चुनाव आयोग ने झारखंड में पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान की तारीख 13 नवंबर 2024 और दूसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान की तारीख 20 नवंबर 2024 रखी है। चुनाव आयोग 23 नवंबर 2024 को झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित कर देगा।
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी JMM एक बड़ी पार्टी है
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी JMM एक बड़ी पार्टी है। हेमंत सोरेन को जमीन घोटाला मामले में जेल हो गई थी, उन्हें 31 जनवरी 2024 को ED ने गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद चंपई सोरेन को हेमंत सोरेन की सलाह के बाद झारखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था। चंपई सोरेन हेमंत सोरेन के विश्वसनीय थे। लेकिन जब हेमंत सोरेन को जमीन घोटाला मामले में 28 जून 2024 को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई तो उसके बाद हेमंत सोरेन ने फिर से झारखंड के सीएम बनने का फैसला लिया।
जिससे चंपई सोरेन को झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। यहीं से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की JMM से नाराजगी शुरू हो गयी थी। जिसके बाद चंपई सोरेन JMM से इस्तीफा देकर BJP में शामिल हो गए थे। लेकिन यह हेमंत सोरेन की पार्टी JMM के लिए एक बड़ा झटका था। अब झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में JMM को इसका बड़ा नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
क्या था हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का मामला
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ED ने जमीन घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया था। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बड़गाई अंचल में 8.86 एकड़ भूमि पर कब्जे के आरोप थे। हेमंत सोरेन को ईडी ने गिरफ्तार करने से पहले कई बार समन भेजा था। लेकिन हेमंत सोरेन ईडी के समन के बावजूद ईडी के सामने पेश नहीं हो रहे थे। आखिर में उन्हें ईडी के सामने पेश होना पड़ा, ईडी ने पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद हेमंत सोरेन को जेल हो गयी थी। जमीन घोटाला के आरोप में हेमंत सोरेन को झारखंड के मुख्यमंत्री का पद भी गंवाना पड़ा। जमीन घोटाला मामले में 28 जून 2024 को हाईकोर्ट में हुई सुनवाई में हेमंत सोरेन को जमानत दे दी गई थी। हेमंत सोरेन की पूरे 151 दिन के बाद जेल से रिहाई हुई थी। जेल से बाहर आने के कुछ दिनों बाद हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली थी।
NDA और इंडिया गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर होने के आसार है
NDA के सीट बंटवारे के अनुसार, झारखंड में बीजेपी 68 विधानसभा सीटों, आजसू 10 विधानसभा सीटों, JDU 2 विधानसभा सीटों और LJP 1 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। इंडिया गठबंधन में भी सीट बंटवारे को लेकर सहमती बन गई है । कांग्रेस 30 विधानसभा सीटों पर, JMM 40 विधानसभा सीटों पर, RJD 6 विधानसभा सीटों पर, लेफ्ट 4 विधानसभा सीटों पर और 1 विधानसभा सीट पर अन्य दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे इस बार झारखंड विधानसभा चुनाव में NDA और इंडिया गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर होने के आसार हैं। NDA में BJP के अलावा जदयू, आजसू और LJP की एंट्री हो गयी है।इंडिया गठबंधन में पिछली बार JMM, RJD और कांग्रेस ने साथ मिलकर विधानसभा का चुनाव लड़ा था। वहीं इंडिया गठबंधन में भी इस बार भाकपा माले की एंट्री हो चुकी है। ।
NDA के सहयोगी दलों का साल 2019 विधानसभा चुनाव का हाल
झारखंड के वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में BJP ने 79 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। बीजेपी को झारखंड में 25 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी। झारखंड के वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी ने NDA से अलग होकर चुनाव लड़ा था। आजसू ने 53 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमे आजसू को केवल 2 विधानसभा सीटों पर ही जीत हासिल हुई थी। वहीं JDU ने 45 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को किसी भी विधानसभा सीट में जीत हासिल नहीं हो पाई थी।
INDIA के सहयोगी दलों का साल 2019 विधानसभा चुनाव का हाल
इंडिया गठबंधन में वर्ष 2019 के विधानसभा चुनावों में JMM, कांग्रेस और RJD ने मिलकर चुनाव लड़ा था। उस समय इस गठबंधन को महागठबंधन के नाम से जाना जाता था।झारखंड विधानसभा चुनाव में JMM ने 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमे से पार्टी को 30 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस ने 31 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमे से पार्टी को केवल 16 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं RJD ने 7 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमे पार्टी को केवल 1 विधानसभा सीट में जीत हासिल हुई थी।





