नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। गाजियाबाद की गुलमोहर ग्रीन सोसाइटी में जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की पुत्र वधु दिपाली के फ्लैट पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि चोर शीशा तोड़कर खिड़की के रास्ते घर में घुसे और चांदी के सिक्के, गणेश जी की मूर्ति समेत कई अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया।
कीमती सामान पर किया हाथ साफ
मनोज सिन्हा के पुत्र-पुत्रवधु गाजियाबाद के जिस फ्लैट में रहते हैं उसमें बीते दिन चोरों ने सेंधमारी कर दी। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर सारा कीमती सामान चुरा लिया। यहां तक की चोरों ने रसोई और बाथरुम को भी नहीं छोड़ा। बाथरुम से नल तक को भी नहीं छोड़ा और उसे भी उखाड़ कर ले गए। मंदिर में मौजूद चांदी के सिक्के, गणेश जी की मूर्ति, उनका मुखौटा और मंदिर का घंटा भी चुराकर ले गए। चोरी की जानकारी मिलते ही तुरंत कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अहम जानकारी बताई
चोरी की घटना के तुरंत बाद जब इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस से तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्यवाई शुरु कर दी। इस मामले में पुलिस ने कबाड़ी सहित 3 आरोपियों को अपनी गिरफ्त में लिया है। तीन आरोपियों में से दो आरोपी सोसाइटी के ही सफाई कर्मी हैं। आरोपियों के पास से चोरी का सामान और 6 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने जांच के आधार पर बताया की इन आरोपियों ने फ्लैट की रेकी की थी और मौका पाते ही घर में दाखिल होकर धीरे धीरे चोरी के अंजाम दिया।





