नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर से 65 किलोमीटर दूर मनोहरपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे बस में भीषण आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
सिलेंडर ब्लास्ट से और भड़की आग
जानकारी के अनुसार, यह बस शाहपुरा के टोडी स्थित ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों को लेकर आ रही थी। रास्ते में बस हाई टेंशन तार से टकरा गई, जिससे बस में करंट दौड़ गया और आग लग गई।
बस में 5 से 6 गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जो आग लगने के बाद एक-एक कर फटने लगे। धमाकों की वजह से पूरी बस जलकर राख हो गई। घायलों को जयपुर और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के मुताबिक, कुछ मजदूरों की हालत गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
CM भजनलाल शर्मा ने जताया शोक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और सभी घायलों के समुचित इलाज का आदेश दिया। सीएम ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “जयपुर के मनोहरपुर में हुई बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए निर्देशित किया गया है। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
हनुमान बेनीवाल और अशोक गहलोत ने जताया गहरा शोक
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर गहरा शोक जताया। उन्होंने लिखा, “मनोहरपुर में मजदूरों से भरी बस में आग लगने से दो लोगों की मृत्यु और कई के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। राजस्थान में लगातार ऐसे हादसे हो रहे हैं, यह चिंताजनक है। RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने कहा, “हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से बस में आग लगने की यह घटना अत्यंत दुखद है। दो मजदूरों की मृत्यु और कई के झुलसने की खबर पीड़ादायक है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दें। यह हादसा एक बार फिर सड़क और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर गया है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि ग्रामीण इलाकों में अक्सर हाई टेंशन तारें बेहद नीचे लटकी रहती हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में जुटा है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बस पूरी तरह जल चुकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





