नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अभिनेता सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म जाट आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म का पहला शो देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने फिल्म को धमाकेदार बताते हुए कहा है कि सनी देओल एक बार फिर एक्शन अवतार में सामने आए हैं। वहीं कुछ फैंस ने इस फिल्म को कुछ खास नहीं बताया। बता दें कि सनी देओल ने लंबे समय बाद सिल्वर स्क्रीन पर वापसी की है। इसके पहले वे 2023 में रिलीज हुई फिल्म गदर 2 में नजर आए थे।
फैंस ने दिए ये कमेंट
सनी देओल की जाट देखकर एक फैन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सनी पाजी ने तो धमाका कर दिया। यह फिल्म ब्लॉकस्टर है। एक और फैंस ने लिखा – फिल्म जाट की सक्सेस के लिए सनी पाजी को बधाई। गोपीचंद मलिनेनी ब्लॉकबस्टर हैं। वहीं एक दूसरे फैंस ने लिखा कि सनी की परफॉर्मेंस बेहद खराब रही। इस फिल्म की कहानी और निर्देशन का परफॉर्मेंस बहुत खराब है। इसमें जबरदस्ती के एक्शन सीन्स डाले गए है। #सनी देओल को अब रिटायर हो जाना चाहिए।
एडवांस बुकिंग में इतनी हुई कमाई
फिल्म जाट ने पहले दिन एडवांस बुकिंग में 2.37 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं पहले दिन के पहले शो में 1.13 लाख से ज्यादा की टिकट बेची हैं। वहीं ब्लॉक सीटों सहित कुल कमाई 6.27 करोड़ रुपये हो गई है। बुकिंग के मामले में एनसीआर, गुजरात और मुंबई शहर आगे रहे हैं, जबकि हरियाणा और हैदराबाद में सबसे ज्यादा बुकिंग हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सनी की ये फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 10-12 करोड़ की अच्छी कमाई कर सकती है। इसके साथ ही यह यमला पगला दीवाना के 7.75 करोड़ को पीछे छोड़कर गदर 2 (40.10 करोड़) के बाद सनी देओल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन सकती है।
100 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सनी देओल स्टारर फिल्म ‘जाट’ 100 करोड़ रुपये के बजट से बनी है और इसकी शूटिंग हैदराबाद, बापटला और विशाखापट्टनम में हुई है। जाट में सनी देओल और रणदीप हुड्डा के अलावा विनीत कुमार सिंह, सैयामी खेर, राम्या कृष्णन, जगपति बाबू सहित कई कलाकारों ने अहम रोल प्ले किया है। इस फिल्म को तेलुगु निर्देशक गोपीचंद मालिनेनी ने डायरेक्ट किया है।





