नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारतीय रेलवे ने ट्रेन टिकट बुक करने के नियम में बदलाव कर दिया है। रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी है। रेलवे के नोटिफिकेशन के अनुसार, अब यात्री रेलवे के टिकट को 120 दिन पहले बुक नहीं करवा पाएंगे। अब यात्री ट्रेन टिकट को यात्रा से केवल 60 दिन पहले ही बुक कर पाएंगे। रेलवे का ट्रेन टिकट बुक करने के नियम में यह बदलाव 1 नवंबर 2024 से लागू होगा। भारतीय रेलवे ने अपने नोटिफिकेशन में यह भी जानकारी दी है कि पहले से बुक किए गए ट्रेन टिकटों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। 120 दिनों के एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के अंतगर्त 31 अक्टूबर 2024 तक की गई सभी बुकिंग बरकरार रहेंगी।
विशेष ट्रेनों पर इस नए नियम का कोई असर नहीं पड़ेगा
रेलवे के नोटिफिकेशन के अनुसार, विशेष ट्रेनों पर इस नए नियम का कोई असर नहीं पड़ेगा। इस सूची में ताज एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस जैसी विशेष ट्रेनों का नाम शामिल है, जिनका एडवांस रिजर्वेशन पीरियड पहले से ही कम है। ऐसी स्थिति में इन ट्रेनों पर रेलवे का नया नियम लागू नहीं होगा। इसके अलावा, विदेशी यात्रियों के लिए 365 दिनों की सीमा के मामले में भी इस नए नियम का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
रेलवे रिजर्वेशन में भी AI मॉडल का भरपूर इस्तेमाल कर रहा है
भारतीय रेलवे अपनी प्रणालियों और प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के लिए AI का भी बड़ा प्रयोग कर रहा है। IRCTC ने लिनन और भोजन की गुणवत्ता की निगरानी के लिए पहले से ही एआई-सक्षम कैमरे लगाए हुए हैं। अब भारतीय रेलवे अपने रिजर्वेशन सिस्टम में भी AI मॉडल का भरपूर इस्तेमाल कर रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसको लेकर जानकारी दी है कि AI मॉडल के प्रयोग से रेलवे में कन्फर्म टिकटों की दर में 30% से अधिक की वृद्धि हुई। बता दें कि रेलवे अपने यात्रियों की सुविधा के लिए ही इस तरह के कदम उठा रहा है। जिसका लाभ सभी यात्रियों को भविष्य में भी मिलता रहेगा।





