नई दिल्ली रफ्तार डेस्क – आज 31 अक्टूबर 2024 को इंदिरा गांधी की 40वीं पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इंदिरा गांधी के देश के प्रति दिए गए योगदान को याद किया। आपको बता दें कि इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री रही हैं जिनमें कई ऐसे किस्से हैं जो उन्हें आयरन लेडी के तौर पर पेश करते हैं।
जब इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति को सुनाई थी खरी खरी
मौका था साल 1980 में जिंबॉब्वे के स्थापना दिवस का, तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पाकिस्तान के राष्ट्रपति जिया उल हक हरारे पहुंचे थे जहां पाकिस्तानी राष्ट्रपति की ओर से इंदिरा गांधी से मिलने का समय मांगा गया। मुलाकात के दौरान जिया उल हक ने इंदिरा गांधी से कहा कि प्रेस में पाकिस्तान की जैसी छवि पेश की जा रही है वह बिल्कुल गलत है। इस पर इंदिरा गांधी ने तंज करते हुए कहा कि मीडिया को कुछ नहीं पता है तभी तो वह आपको डेमोक्रेटिक कह रहे हैं और मुझे तानाशाह कह रहे हैं। इसके जवाब में जियाउल हक ने कहा कि मोरारजी देसाई के शासन के दौरान दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधर गए थे। जवाब में इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान की ओर से लगातार होती रही आतंकवादी गतिविधियों को निशाना साधते हुए कहा कि शायद आप भूल गए हैं कि अब मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री नहीं है।
पाकिस्तान की इस हरकत पर गुस्से से तमतमा गई थी इंदिरा गांधी
हरारे में जैसे ही जियाउल हक और इंदिरा गांधी की मुलाकात खत्म होने को थी तभी पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने कॉफी टेबल पर इंदिरा गांधी को एक किताब भेंट की। पाकिस्तानी राष्ट्रपति के वहां से निकल जाने पर इंदिरा गांधी ने वह किताब खोली और देखते ही गुस्से से तमतमा गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उसे किताब में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था। अपना विरोध दर्ज करने के लिए इंदिरा गांधी ने विदेश मंत्रालय को आदेश दिया कि यह किताब पाकिस्तान को लौटा दी जाए।




