नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। गुरुवार सुबह 6:30 बजे दिल्ली से लेह के लिए रवाना हुई indigo की फ्लाइट 6E 2006 में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में चालक दल समेत कुल 180 लोग सवार थे। टेकऑफ के कुछ देर बाद ही पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस लाने का निर्णय लिया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया।
लेह के नजदीक था विमान
सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट लेह के कुशोक बकुला रिमपोछे एयरपोर्ट (IXL) के पास तक पहुंच चुकी थी, लेकिन वहां लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी के संकेत मिले। पायलट ने कोई जोखिम न लेते हुए वापस दिल्ली लौटने का फैसला लिया।
इंडिगो का बयान: नहीं था कोई इमरजेंसी अलर्ट
इंडिगो एयरलाइन ने कहा है कि इस घटना के दौरान कोई इमरजेंसी घोषित नहीं की गई। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एक सावधानी भरा कदम था। एयरलाइन ने वादा किया है कि वह इस घटना को लेकर जल्द विस्तृत जानकारी साझा करेगी। अभी तक वापसी की वजहों पर आधिकारिक बयान नहीं आया है। इंडिगो की ओर से यह भी कहा गया है कि सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से जल्द रवाना करने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनके सफर में ज्यादा देरी न हो।
हाल ही में SpiceJet की फ्लाइट भी लौटी थी
गौरतलब है कि इसी दिन हैदराबाद से तिरुपति जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट को भी तकनीकी कारणों से लौटाया गया था। लगातार ऐसी घटनाएं एविएशन सुरक्षा और विमान रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई और पायलट की सूझबूझ की वजह से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, विमान में तकनीकी खराबी की वजह से यात्रा प्रभावित जरूर हुई। अब नजरें इंडिगो के उस विस्तृत बयान पर हैं जो इसकी पूरी जानकारी देगा।





