नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारतीय रेलवे हमेशा अपने यात्रियों की सुविधा के लिए नए नए प्रयोग करती रहती है। दीपावली और छठ का महापर्व आने वाला है, इसको लेकर रेलवे ने भी अपनी तैयारी कर ली है। भारतीय रेलवे ने दीपावली और छठ महापर्व से पहले झारखंड और उत्तर प्रदेश को एक बड़ी सौगात दे दी है। रेलवे की इस सौगात का फायदा यूपी-बिहार के यात्रियों को भी मिलेगा। भारतीय रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के सीजन में बिहार और झारखंड की ट्रेनों में होने वाली भीड़ से यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे ने इस ट्रेन की समय-सारिणी और स्टेशनों की जानकारी भी साझा कर दी है।
इस ट्रेन का नाम रांची-गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस होगा
भारतीय रेलवे ने झारखंड और उत्तर प्रदेश को दी सौगात को लेकर कहा है कि इस ट्रेन का नाम रांची-गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस होगा। जो झारखंड की राजधानी रांची से उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के चुनावी क्षेत्र गोरखपुर के बीच चलने वाली ट्रेन होगी। भारतीय रेलवे ने कहा है कि यह नई साप्ताहिक ट्रेन 18629-18630 रांची-गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस 1 नवंबर से नियमित रूप से चलेगी।
ट्रेन की समय-सारिणी
भारतीय रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 18629 रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 नवंबर 2024 से हर शुक्रवार को शाम 4:50 बजे झारखंड के रांची के स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 11:30 बजे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्टेशन पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 18630 गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस 2 नवंबर 2024 से हर शनिवार दोपहर 3:30 बजे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 9:25 बजे झारखंड के रांची स्टेशन पर पहुंचेगी।
इन ट्रेनों के रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों के नाम
भारत रेलवे ने इन ट्रेनों के रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों के नामों का भी ऐलान कर दिया है, जहां पर ये ट्रेने रुकेंगी। इनमें मुरी स्टेशन, बोकारो स्टेशन, चंद्रपुरा स्टेशन, धनबाद स्टेशन, चितरंजन स्टेशन, जामताड़ा स्टेशन, मधुपुर स्टेशन, जसीडीह स्टेशन, झाझा स्टेशन, कियूल स्टेशन, मोकामा स्टेशन, पटना साहेब स्टेशन, पटना स्टेशन, पाटलिपुत्रा स्टेशन, दिघवारा स्टेशन, छपरा स्टेशन, सीवान स्टेशन, भटनी स्टेशन और देवरिया सदर स्टेशन का नाम शामिल है।





