नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । संसद के मॉनसून सत्र का सोमवार को 11वां दिन रहा। दोनों सदनों में सरकार और विपक्ष के बीच बहस और जोरदार हंगामा जारी रहा जबकि बीच-बीच में हंगामे के चलते दोनों सदनों को कुछ घंटे के लिए स्थगित भी करना पड़ा रहा है। लेकिन इस बीच विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है।
विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की एक बड़ी मीटिंग होने जा रही है। 7 अगस्त को दिल्ली में INDIA गठबंधन अपनी एक अहम बैठक कर रहा है। इस बैठक में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के कई नेताओं के शामिल होने की जानकारी लगी है।
इस मीटिंग को लेकर राज्यसभा सांसद व शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने जानकारी दी है। संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से सभी प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया है, जिसमें उद्धव ठाकरे का नाम भी शामिल हैं।
पार्टी कार्यालय का दौरा और नेताओं से मुलाकात
इस बैठक को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, सांसद संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे 6 अगस्त की शाम दिल्ली पहुंचेंगे। 8 अगस्त तक दिल्ली में ठहरने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे संसद भवन स्थित नए पार्टी कार्यालय का दौरा भी करेंगे, साथ ही अन्य पार्टी के सीनियर नेताओं से भी मिलेंगे।
बैठक में कई मुद्दों पर होगी चर्चा
शिवसेना नेता संजय राउत ने अधिक जानकारी देते हुए कहा कि यह बैठक महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए रखी गई। संजय राउत ने कहा इस बैठक में कई खास मुद्दों पर चर्चा कि जाएगी जैसे- सबसे बड़ा मुद्दा SIR (Special Intensive Revision) है, ऑपरेशन सिंदूर, ट्रंप का टैरिफ, देश की वर्तमान स्थिति, ये सभी एजेंडा में शामिल होंगे।”
खास होने वाली है बैठक
संजय राउत का मानना है कि जब इतने बड़े नेता एक साथ दिल्ली में होंगे, तो ये विषय व्यापक रूप से उठाए जाएंगे। संजय राउत ने यह भी कहा कि कई नेता ऐसे है जो दिल्ली बार-बार आना-जाने नहीं कर पाते, इसलिए जब सभी एक जगह होते हैं, तो गंभीर और रणनीतिक बातचीत के लिए यह बेहतरीन मौका होता है। वही, इंडिया ब्लॉक की इस बैठक को आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से खास और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





