india-becomes-second-country-after-us-to-give-200-million-vaccine-doses---dr-harsh-vardhan
india-becomes-second-country-after-us-to-give-200-million-vaccine-doses---dr-harsh-vardhan

भारत 20 करोड़ वैक्सीन की खुराक देने वाला अमेरिका के बाद दूसरा देश बन गया- डॉ. हर्षवर्धन

नई दिल्ली, 27 मई(हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि देश भर में तेजी से वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। इसके फलस्वरूप भारत 20 करोड़ वैक्सीन की खुराक देने वाला अमेरिका के बाद भारत दूसरा देश बन गया है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 20.27 करोड़ वैक्सीन की खुराक लाभार्थियों को दी गई है। डॉ. हर्षवर्धन ने लोगों से अपील की कि वे अपनी बारी आने पर निकटवर्ती केन्द्रों में जाकर से वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने बताया कि राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के कोटे के तहत 22 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक प्रदान की गई है। केन्द्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि वैक्सीन हर राज्य में उपलब्ध है, आज राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के पास अब भी 1.84 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग लोगों को उनके घर के निकट वैक्सीन लगवाने की सुविधा देने हेतु एनएचसीवीसी (घर के निकट कोविड वैक्सीन केन्द्रों) संबंधित राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ दिशा-निर्देश साझा किए हैं। इन केन्द्रों में 60 वर्ष से अधिक आयु के वे लाभार्थी वैक्सीन लगवा सकेंगे, जिन्होंने अभी तक पहली डोज़ नहीं ली है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से कम आयु के शारीरिक या मानसिक स्थिति के कारण दिव्यांगता से जूझ रहे लोग इन केन्द्रों पर वैक्सीन ले सकेंगे। दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि ऐसे केन्द्र घर के निकट सामुदायिक केन्द्रों, आरडब्ल्यूए कार्यालयों, पंचायत घरों, स्कूल भवनों और वृद्धाश्रम में खोले जाएंगे। डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोरोना के रोगी स्वस्थ होकर अपने घरों में जा रहे हैं। भारत में लगातार 14वें दिन स्वस्थ हुए रोगियों की संख्या दैनिक नये मामलों से अधिक बनी हुई है। अब तक देश में 2 करोड़ 46 लाख 33 हजार 951 कोरोना के रोगी स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटों में 2 लाख 83 हजार 135 रोगी ठीक हुए हैं। इससे देश में रिकवरी दर बढ़कर 90 प्रतिशत से अधिक हो गई है, जो कि अब 90.01 प्रतिशत है। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि देश में मामलों की संख्या में कमी हो रही है, जबकि आज 2.11 लाख मामले सामने आए। पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामलों में 75 हजार 684 की कमी आई है। यह भी संतोष का विषय है कि लगातार तीसरे दिन दैनिक पॉजिटिविटी दर 10 प्रतिशत से कम बनी हुई है। आज पॉजिटिविटी दर 9.79 प्रतिशत रही। हिन्दुस्थान समाचार/ विजयालक्ष्मी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in