Independence Day 2025: पीएम मोदी ने लाल किले से भाषण के लिए मांगे जनता से सुझाव, जानिए कहां दे सकते हैं?

इस बार स्वतंत्रता दिवस खास होने वाला है। क्‍योंकि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लाल किले से अपने भाषण के लिए जनता से उनके विचार और सुझाव मांगे हैं।

1
pm modi
pm modi

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । भारत इस साल 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता का 79वां पर्व मनाने जा रहा है। पूरे देश में तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है और सभी की निगाहें एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से होने वाले संबोधन पर टिकी हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस बार लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। लेकिन इस बार कुछ अलग है। पीएम मोदी ने आम जनता से अपील की है कि वे उन्हें अपने सुझाव और विचार भेजें, जिन्हें वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में शामिल कर सकते हैं।

PM मोदी ने जनता से मांगे भाषण के लिए सुझाव


प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर देशवासियों से अपने भाषण के लिए सुझाव मांगे हैं। उन्होंने यह अपील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए की है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा “जैसे-जैसे हम इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस के करीब पहुंच रहे हैं, मैं अपने साथी भारतीयों से सुनने के लिए उत्सुक हूं! इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस भाषण में आप किन विषयों या विचारों को प्रतिबिंबित होते देखना चाहेंगे?” 

प्रधानमंत्री मोदी को सुझाव भेजने के दो तरीके


प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बताया कि वे अपने सुझाव और विचार कहां साझा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि नागरिक दो प्रमुख प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपनी राय साझा कर सकते हैं। जिसमें MyGov पोर्टल और NaMo ऐप शामिल हैं। इन ऐप पर “Open Forum” सेक्शन में जाकर लोग अपने सुझाव व विचार पोस्ट कर सकते हैं। 

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का सुरक्षा जांच अभियान


स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के तहत एक पांच दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह अभियान होटल, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस टर्मिनल और अन्य संवेदनशील स्थानों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया गया। इस अभियान के दौरान 100 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा में खामियां की पहचान की है। पुलिस अधिकारियों ने होटलों, पार्किंग क्षेत्रों, मेट्रो स्टेशनों के निकट भोजनालयों, रेलवे स्टेशनों के आसपास के परिसरों और बस अड्डों पर गहन निरीक्षण किया। जिसमें मुख्य खामियों में खराब या निष्क्रिय सीसीटीवी कैमरे मिले हैं।