-सभी आवश्यक दवाइयां देश में उपलब्ध नई दिल्ली, 19 मई(हि.स.)। देश में कोरोना के इलाज में कारगर सभी आवश्यक दवाइयों के उत्पादन में 2 से 20 गुना बढ़ोतरी हुई है। रसायन व उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को बताया कि देश में कोरोना के इलाज में इस्तेमाल हो रही सभी जरुरी दवाइयां उपलब्ध है। सभी ऐसी दवाइयों के उत्पादन में 2 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने इन दवाइयों की उपलब्धता की निगरानी के लिए तीन स्तरीय योजना तैयार की है जिसमें सप्लाई प्रबंधन, मांग और दवाइयों को किफायती दर को सुनिश्चित करने के प्रबंधन को शामिल किया है। मनसुख मांडविया ने बुधवार को ट्वीट करके जानकारी दी कि कोरोना के इलाज के प्रोटोकॉल में शामिल दवाइयां देश में उपलब्ध है। इन सभी दवाइयों के उत्पादन से लेकर आयात में बढ़ोतरी की गई है जिससे इनकी उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी है। उन्होंने बताया कि रेमडेसिविर के उत्पादन में दस गुना बढ़ोतरी हुई है। पिछले एक महीने में एक करोड़ शीशी का उत्पादन किया गया है। वहीं, टोसिलूजोमैब का आयात 20 गुना ज्यादा किया गया है। डेक्सामेथासोन 0.5 एमजी टैबलेट का भी उत्पादन 8 गुना बढ़ गया है। डेक्सामेथासोन इंजेक्शन के उत्पादन में भी 4 गुना बढ़ोतरी हुई है। वहीं, इलाज के प्रोटोकॉल में नहीं शामिल फैविपीराविर के उत्पाद में भी 4 गुना बढ़ोतरी की गई है। एम्फोटेरिसिन बी इंजेक्शन के उत्पादन में 3 गुना बढ़ोतरी की गई है। हिन्दुस्थान समाचार/ विजयालक्ष्मी




