नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (IITD) ने देश के शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। शिक्षण संस्थानों में IIT दिल्ली ने कमाल कर दिया है। राजधानी दिल्ली में स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली (IIT Delhi) ने QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। यूनिवर्सिटी ने अब तक अपनी सबसे बेहतरीन रैंकिंग हासिल करने में कामयाब रही है। इस साल IIT दिल्ली ने दुनियाभर के हज़ारों विश्वविद्यालयों को पीछे छोड़ते हुए 123वां स्थान हासिल किया है।
IIT बॉम्बे को भी पीछे छोड़ा
यह उपलब्धि स्पेशल इसलिए भी है क्योंकि, पिछले साल में IIT दिल्ली की रैंकिंग 150वीं थी, और अब 27 पायदान की एक शानदार छलांग लगाकर उसने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है। इतना ही नहीं, इस बार IIT दिल्ली भारत का नंबर-1 संस्थान बनकर सामने आया है, जिसने IIT बॉम्बे को भी पछाड़ दिया। जो पिछले कई वर्षों से अपनी पोजिशन को टॉप पर बनाए रखा था।
8 साल में पहली बार सबसे बेहतर प्रदर्शन
IIT दिल्ली ने बीते 8 सालों में पहली बार इतना बेहतर प्रदर्शन किया है। और लंबे समय के बाद इतना ऊंचा स्थान हासिल किया है। QS वर्ल्ड रैंकिंग्स के मुताबिक, भारत के लगभग 50% विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में सुधार हुआ है। लेकिन IIT दिल्ली की छलांग सबसे ज़्यादा प्रभावशाली मानी जा रही है।
IIT बॉम्बे की रैंकिंग में गिरावट
वही, जहां IIT दिल्ली ने लंबी छलांग हासिल की, तो IIT बॉम्बे की रैंकिंग इस साल 11 स्थान गिरकर 129 पर पहुंच गई है। इससे पहले पिछले एक दशक में 6 बार IIT बॉम्बे भारत का टॉप संस्थान रहा था, लेकिन इस बार उसे IIT दिल्ली ने पीछे छोड़ दिया है। और भारत के टॉप संस्थानों में आईआईटी दिल्ली टॉप पर पहुंचा है।
कौन रहा दुनिया में नंबर-1?
अब बात करें कि कौन सा विश्वविद्यालय दुनिया में टॉप पर रहा है, तो हर साल की तरह इस बार भी मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) ने अपनी बादशाहत बरकरार है। उसने 14वीं बार दुनिया का नंबर-1 विश्वविद्यालय बनने का गौरव हासिल किया है।
रैंकिंग तय कैसे होती है?
दुनिया भर के संस्थानों के बीच इन विश्वविद्यालय को नंबर-1 की पोजिशन हासिल करने के लिए विभिन्न मानको का पालन करना पड़ता है, जैसे- शैक्षणिक प्रतिष्ठा (Academic Reputation), नियोक्ता प्रतिष्ठा (Employer Reputation), फैकल्टी-स्टूडेंट रेशियो, रिसर्च और पब्लिकेशन, अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी और स्टूडेंट्स की संख्या, शामिल है। इन मानकों पर IIT दिल्ली ने खुद को बेहतर साबित किया है।




