नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जब पूरा देश टीम इंडिया की जीत की खुशी में सराबोर था तब दिल्ली के गाजीपुर में एक घर में मातम मन रहा था। रविवार की रात गाजीपुर में एक बड़ी वारदात हुई। एक युवक को बदमाशों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। गंभीर हालत में शख्स को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि इस हत्या के पीछे क्या कारण रहा इसका कोई कारण सामने नहीं आ सका है। सोमवार को मृतक के परिजनों ने दिल्ली मेरठ रोड़ पर जाम लगाकर विरोध जताया।
NH 24 पर लगी गाड़ियों की लंबी कतार
हत्या के गुस्साए परिजनों ने एनएच 24 पर जाम लगा दिया है। गाड़ियों की लंबी लंबी कतार लग गई है। दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि जो लोग इंदिरापुरम और गाजियाबाद की ओर जाना चाहते हैं उन्हें NH 24 से बचने की जरूरत है। वह आने जाने के लिए वैक्लपिक रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। मौके पर भारी पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस इस मशक्कत में लगी है गुस्साई भीड़ को समझा कर विरोध को उग्र होने की संभावना से बचा जा सके और राहगीरों को होने वाली परेशानी को दूर किया जा सके।
दो लोगों को हिरासत में लिया गया
ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल डीसीपी-1 विनीत कुमार ने बताया, “हमें सूचना मिली कि एक व्यक्ति घायल है। जब हम अस्पताल गए तो पता चला कि उसे गोली लगी है। शुरुआती जांच में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है और कई टीमें इस पर काम कर रही हैं।” अभी 3 आरोपियों की तालाश में पुलिस जुटी हुई है। शुरूआती जानकारी के अनुसार यह पैसे के लेन देने का मामला सामने आ रहा है हालांकि अभी तक ये सिर्फ कयास है।




