हिमाचल में लॉकडाउन लगाने की आवश्यकता नहीं: जयराम ठाकुर
हिमाचल में लॉकडाउन लगाने की आवश्यकता नहीं: जयराम ठाकुर

हिमाचल में लॉकडाउन लगाने की आवश्यकता नहीं: जयराम ठाकुर

शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में फिर से लॉकडाउन नहीं लगेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लॉकडाउन लगाने को लेकर चल रही चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉकडाउन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। शिमला में बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में अब अनलॉक फेस तीन होने वाला है। ऐसे में हिमाचल में क्या करना उचित होगा पर विचार किया जाएगा। उन्होंने माना कि प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मामले बढ़े हैं। ऐसे में जहां सख्ती करने की आवश्यकता होगी, वहां किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश को लॉकडाउन में डालना उचित नहीं होगा। लॉकडाउन को लेकर सुझाव आए हैं लेकिन प्रदेश सरकार कोरोना वायरस के असर को कम करने व कम्युनिटी स्प्रेड को रोकने को लेकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कंटैनमेंटजोन में लॉकडाउन लगाया गया है और जहां आवश्यकता पड़ेगी वहां लॉकडाउन लगाया जाएगा। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब विस्तार होगा, उस समय सभी को बता दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा कहा कि सरकार का उनको पूरा सहयोग मिलेगा। वर्ष 2022 में पुन: भाजपा की सरकार बने, इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश का विकास है। कोरोना संकट काल में भी प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण एक सौभाग्य होगा। मंदिर शिलान्यास की उस घड़ी के चश्मदीद गवाह होने का हम सभी को मौका मिलेगा। इसके लिए उन्होंने पीएम को बधाई दी। जयराम ठाकुर ने विपक्ष के आरोपों पर भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सुझाव का अभिनंदन है। लेकिन कई बार वह धमकियां दे रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि इन लोगों को कोरोना से लड़ने का तजुर्बा है। विपक्ष के लोग ऐसे समझा रहे हैं जैसे हमे कुछ भी पता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी पहले कह रहे थे कि बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचल के बच्चों का वापस लाओ। सरकार जब उन्हें वापस लाई तो आरोप लगाने लगे कि इनके कारण प्रदेश में कोरोना फैल गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी विपक्ष की बातों को हम सुन रहे हैं, लेकिन जब हम बोलना शुरू करेंगे तो उनकी बोलती बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है। कोरोना किसी वर्ग, धर्म, जाति को देखकर नहीं होता। सितम्बर में बुलाया जा सकता है विधानसभा का सत्र: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी किसी भी राज्य ने विधानसभा का सत्र नहीं बुलाया है। यदि कोरोना के मामले कम हुए तथा स्थिति में सुधार हुआ तो हिमाचल सरकार सितम्बर माह में विधानसभा का सत्र बुला सकती है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in