himachal-bjp39s-victory-in-mandi-and-dharamshala-in-municipal-corporation-elections-solan-and-palampur-congress-account
himachal-bjp39s-victory-in-mandi-and-dharamshala-in-municipal-corporation-elections-solan-and-palampur-congress-account

हिमाचल : नगर निगम चुनावों में मंडी और धर्मशाला में भाजपा की जीत, सोलन और पालमपुर कांग्रेस के खाते में

शिमला, 07 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को हुए चार नगर निगमों चुनावों में भाजपा और कांग्रेस को बराबर की जीत मिली है। सोलन और पालमपुर नगर निगम जहां कांग्रेस के खाते में गए हैं। वहीं धर्मशाला और मंडी में सत्तारूढ़ भाजपा की जीत हुई है। धर्मशाला में 17 में से भाजपा ने आठ सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस पांच सीटें ही जीत पाई है। वहीं चार सीटें निर्दलीय ने जीती हैं। यहां पर भाजपा बहुमत से एक कम है। वहीं पालमपुर में कांग्रेस की एकतरफा जीत हुई है। कांग्रेस ने पालमपुर में 11 सीटें जीती हैं जबकि भाजपा ने दो और दो आजाद उम्मीदवार जीते हैं। मंडी नगर निगम के चुनाव परिणाम भाजपा के लिए सुखद रहे हैं। यहां पर 15 में से भाजपा ने 11 सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस चार सीटें जीती है। मंडी मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का गृह जिला है। इसलिए यहां पर उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। सबसे अधिक चौंकाने वाले नतीजे नगर निगम सोलन के आए हैं। यहां पर 17 में से कांग्रेस ने नौ सीट जीतकर नगर निगम सोलन पर अपना कब्जा किया है जबकि भाजपा सात ही सीटें जीत पाई है। एक सीट अन्य के खाते में गई है। प्रदेश में इन नगर निगम चुनावों को राजनीतिक पंडित सत्ता के सेमीफाइनल के तौर पर देख रहे थे। लेकिन मामला बराबरी पर छूटा है। जिससे अभी भी रोमांच बना हुआ है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के बड़े नेताओं ने इन चुनावों में खूब पसीना बहाया था। जहां एक और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर मैदान में थे। धर्मशाला नगर निगम के लिए दूसरी बार चुनाव हुए हैं जबकि पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगम के लिए इस बार पहली बार चुनाव हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in