नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दक्षिण भारत के कई हिस्सों, विशेषकर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, आज यानी 24 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश का दौर तेज हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर को निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, कोंकण और गोवा में भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने इन इलाकों में जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर नया निम्न दबाव क्षेत्र (Low-Pressure System) बनने की संभावना है। यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी और अगले 24 घंटों में इसके और अधिक सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे दक्षिण भारत में बारिश तेज हो सकती है।
इस बीच, तमिलनाडु तट से सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम अगले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्व अरब सागर से होकर उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में पूर्व-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ सकता है।
IMD के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार, तमिलनाडु के कोयंबटूर, तिरुप्पुर, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तेनकासी, वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई और आसपास के घाटी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन-तड़ित की संभावना जताई गई है। विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र और गोवा को लेकर भी अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 अक्टूबर को मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, 25 और 26 अक्टूबर को गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने इन इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जानिए दिल्ली का मौसम
वही, दिल्ली-एनसीआर में पूरे हफ्ते मौसम स्थिर रहने के आसार हैं। 24 से 26 अक्टूबर के बीच सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ़ रहेगा। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुल मिलाकर मौसम शुष्क रहेगा।
उत्तर भारत में ज्यादा ठंड के असर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में फिलहाल तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।





