नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हाथरस में वीभत्स भगदड़ कांड मामले में 121 लोगों की दुखद मौत हो गई थी। इस मामलें में काफी मशक्कत के बाद FIR दर्ज की गई थी। इस मामले की सुनवाई के लिए गुरुवार को नारायण साकार हरि लखनऊ में न्यायिक आयोग के सामने पहुंचा। इसमें अहम बात यह है कि जिस गाड़ी से वह पहुंचा वह गाड़ी बीजेपी के पूरनपुर विधानसभा विधायक बाबूराम पासवान की थी जिसपर बीजेपी का झंडा लगा हुआ था।
बाबा के दरबार में बड़े बड़े नेताओं का है आना जाना
भोले बाबा के रसूख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इनके दरबार में यूपी के बड़े-बड़े नेता भी हाजिरी लगाते हैं। चूंकि उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बाबा के अनुयायी बड़ी संख्या में है। इस लिए राजनीतिक लोगों का झुकाव बाबा की तरफ होता था। बीते साल 2023 में ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उनके कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान अखिलेश यादव ने सत्संग में हिस्सा लेने की तस्वीरें भी साझा की थी। इसमें अखिलेश यादव ने कहा था कि नारायण साकार हरि की सम्पूर्ण ब्रह्मांड में सदा-सदा के लिए जय जयकार हो। कोरोनकाल के दौरान प्रतिबंध के बावजूद भी भोले बाबा हजारों की भीड़ इकट्ठा करके चर्चा में आए थे। पुलिस में नौकरी करने के कारण बाबा का इस महकमें में भी कई अनुयायी थे।
करोड़ो मे फैला है बाबा का साम्राज्य
भोले बाबा के दरबार पर न सिर्फ नेताओं का जमावड़ा रहता है ब्लकि सरकारी महकमें के लोग भी उनके दरबार में हाजिरी लगाते है। बाबा के पास करोड़ो की अकूत दौलत है जिसकी अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये बताई जाती है। बाबा के पास 24 आश्रम भी हैं और मैनपुरी में 21 बीघा जमीन भी है जिसपर आश्रम बनाया गया है। बाबा अपने साथ 25 से 30 गाडियों का काफिला लेकर चलता है।





