नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की विधायक किरण चौधरी और उनकी पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी ने कांग्रेस छोड़ दिया है और अब दोनों आज बीजेपी में शामिल होंगी। इस दौरान किरण चौधरी ने कहा है कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी निजी जागीर बन गई है। उनका इशारा पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा की तरफ था। जिसपर भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी पलटवार किया है।
टिकट वितरण से चल रही थी नाराज
लोकसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण से किरण चौधरी और उनकी बेटी नाराज चल रही थी। हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने से ठीक पहले किरण चौधरी और उनकी बेटी का इस्तीफा कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
1718771425545-kiran.png
वहीं बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि श्रुति चौधरी सांसद रह चुकी हैं और वो महेंद्रगढ़ भिवानी से सांसद पद की उम्मीदवार जरूर थीं, लेकिन टिकट वितरण हाईकमान करता है। इसलिए उन्हें इसके बारे में ना सोचकर विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी चाहिये थी।
1718771477156-sruti.png
पूर्व सीएम बंसीलाल की बहू हैं किरण चौधरी
किरण चौधरी हरियाणा के पूर्व सीएम रहे चौधरी बंसीलाल की बहू हैं। किरण चौधरी हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। उन्हें हुड्डा का प्रतिद्वंदी माना जाता है। अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मां-बटी का कांग्रेस छोड़ जाना बीजेपी के लिए एक बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है।
क्या आरोप लगाया किरण चौधरी ने?
हरियाणा की पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने अपने इस्तीफे में लिखा कि हरियाणा कांग्रेस को व्यक्तिगत जागीर के रूप में चलाया जा रहा है। उन्होंने इसमें परोक्ष रूप से पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में इमानदार आवाजों की कोई जगह नहीं है। उन्हें व्यवस्थित तरीके से दबाया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने लिखा कि हरियाणा कांग्रेस एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द केंद्रित है। जबकि उस व्यक्ति ने अपने स्वार्थ के लिए पार्टी से समझौता किया है। इसलिए मेरे आगे बढ़ने का समय अब आ गया है।
मुझे साजिश के तहत एक कोने में धकेल दिया गया- किरण
उन्होंने कहा कि पार्टी में मुझे एक कोने में धकेल दिया गया है। मैं पिछले 4 दशक से हरियाणा कांग्रेस की एक वफादार सदस्य रही। अपना जीवन पार्टी के लिए समर्पित कर दिया क्योंकि मैं आधुनिक हरियाणा के निर्माता स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल की समृद्ध विरासत का प्रतिनिधित्व करती हूं। उन्होंने कहा कि अपने राज्य और देश के लोगों की सेवा करना ही मेरा उद्वेश्य रहा है, लेकिन कांग्रेस में इस तरह की बाधाओं के साथ काम करने में असमर्थ हूं। इसलिए मैं नए सिरे से आगे बढ़ने के लिए मजबूर हूं।
भूपिंदर हुड्डा के लिए उनका बेटा सिर्फ रखता है मायने- किरण
इसके अलावा भूपिंदर हुड्डा पर सीधा हमला करते हुए चौधरी ने कहा कि उनके लिए सिर्फ उनका बेटा दिपेंद्र हुड्डा मायने रखता है। इसलिए वो दूसरे नेतृत्व को खत्म कर देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह आदमी हमेशा से ऐसे ही काम करता रहा है। उसने अपनी महत्वकांक्षा के चलते कई लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत की संभावनाएं खराब कर दी।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





