नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। हरियाणा के मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। इस बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों और छात्रों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं।
डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की स्थापना
हरियाणा सरकार ने आर्थिक विकास और नीति निर्माण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ‘डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर’ नाम से एक नया विभाग बनाने की घोषणा की है। यह विभाग राज्य के विभिन्न सेक्टर्स की क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं का विश्लेषण कर दूसरे विभागों को नीतिगत सुझाव देगा।
हरियाणा AI मिशन में 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षण
राज्य सरकार ने ‘हरियाणा एआई मिशन’ की स्थापना की घोषणा की है, जिसमें युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मिशन के तहत गुरुग्राम और पंचकूला में दो एआई हब बनाए जाएंगे, जहां 50 हजार युवा और पेशेवर नई तकनीकों में प्रशिक्षित होंगे। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए रिजर्व बैंक ने 474 करोड़ रुपये का सहयोग देने का आश्वासन दिया है। हरियाणा सरकार स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। सीएम सैनी ने बताया कि हरियाणा वेंचर कैपिटल फंड को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत स्टार्टअप्स के लिए सस्ता और अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा।
नशे के खिलाफ सख्त कदम
युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार ने ‘सब्स्टेंस अब्यूज एंड नारकोटिक्स नॉलेज, अवेयरनेस एंड लिबरेशन प्रोग्राम अथॉरिटी’ नाम से एक नई संस्था गठित करने का प्रस्ताव दिया है। यह प्राधिकरण नशे की मांग और आपूर्ति को रोकने के लिए विभिन्न विभागों के साथ मिलकर कार्य करेगा। पिछले 10 वर्षों में हरियाणा सरकार ने ई-गवर्नेंस को प्राथमिकता दी है। अब सरकार डेटा आधारित नीति निर्माण और गवर्नेंस ऑटोमेशन पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे नागरिकों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी।
बजट 2025 में मुख्य घोषणाएं
‘डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर’ की स्थापना,हरियाणा एआई मिशन के तहत 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षण,स्टार्टअप्स और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा और नशे के खिलाफ सख्त कदम,ई-गवर्नेंस और डिजिटल नीति निर्माण पर जोर हरियाणा सरकार का यह बजट युवाओं और महिलाओं के लिए कई नए अवसर लेकर आया है। सरकार की इन योजनाओं से प्रदेश में रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।





