नई दिल्ली,रफ्तार न्यूजः गुरुग्राम के सेक्टर-12 A के प्रेम नगर में सावन की शिवरात्रि के मौके पर शिव मंदिर में गंगाजल चढ़ाने के बाद कांवड़ियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दोनों तरफ के लगभग 6 लोग घायल हो गए हैं, और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
सावन की शिवरात्रि के दिन, गुरुग्राम के प्रेम नगर इलाके में कांवड़ियों के दो गुटों के बीच तलवारों और लाठी-डंडों से मारपीट हुई। इस दौरान पथराव भी हुआ और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इस हिंसक संघर्ष में लगभग 6 लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
इस झगड़े की घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने हालात को काबू करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। हालांकि स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन अब नियंत्रण में है।
पिछली घटना का विवाद
सूत्रों के अनुसार, 27 जुलाई को कांवड़ लेने जाते वक्त दोनों गुटों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया था। तभी से दोनों गुटों में आपस में तनातनी चल रही थी और उन्होंने शिवरात्रि के दिन एक-दूसरे को सबक सिखाने की धमकी दी थी।
पुलिस का बयान
एसीपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के झगड़े में आधा दर्जन युवकों को चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




