मुंबई, 27 मई (हि.स.)। सिरम इस्टिट्युट के सीईओ अदर पुनावाला को मिली धमकी व उन्हें दी गई सुरक्षा के संबंध में राज्य सरकार को शपथपत्र पेश करने का निर्देश गुरुवार को हाईकोर्ट ने दिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले की सुनवाई 01 जून तक के लिए स्थगित कर दिया है। जानकारी के अनुसार अदर पुनावाला ने मीडिया को दिए गए साक्षात्कार में कहा था कि उन्हें कोरोना वायरस टीका को लेकर धमकी भी मिली है। अदर पुनावाला के इस साक्षात्कार के बाद सरकार ने उन्हें वाई स्तर की सुरक्षा दे दिया था। लेकिन याचिकाकर्ता दत्ता माने ने अदर पुनावाला को जेड स्तर की सुरक्षा दिए जाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर किया था। इसी याचिका की सुनवाई आज न्यायाधीश एस.एस.शिंदे व न्यायाधीश एन.आर. बोरकर के समक्ष हो रही थी। कोर्ट ने कहा कि अदर पुनावाला देश के लिए बहुत ही अच्छा काम कर रहे हैं। उन्हें इससे पहले ही वाई स्तर की सुरक्षा दी गई है ,लेकिन याचिकाकर्ता जेड प्लस स्तर की सुरक्षा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इसलिए राज्य सरकार अदर पुनावाला को मिली धमकी व उन्हें दी गई सुरक्षा के संबंध में अगली सुनवाई तक शपथपत्र पेश करे। इसके बाद हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई 01 जून तक के लिए स्थगित कर दिया। हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर




