नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में आग लगने से 6 दिसंबर की रात 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड चले गए थे। अब खबर है कि दोनों भाइयों को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया है।
इंटरपोल ने जारी किया था ब्लू कॉर्नर नोटिस
लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी/हिरासत की जानकारी सामने आई। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने दोनों के पासपोर्ट भी सस्पेंड कर दिए थे।
कोर्ट में लूथरा ब्रदर्स के वकील की दलील
दिल्ली की अदालत में ट्रांजिट अग्रिम जमानत की सुनवाई के दौरान वकील ने कहा, वे “भागे नहीं”, बल्कि व्यापारिक बैठक के लिए थाईलैंड गए थे। उन पर “किसी भी तरह की जिम्मेदारी नहीं बनती, अप्रत्यक्ष रूप से भी नहीं।” वकील ने यह भी दावा किया कि “मेरे अन्य रेस्तरां तोड़ दिए गए, अधिकारी और मीडिया मेरे पीछे पड़े हैं।
गोवा पुलिस बोली- आरोपी फरार हो गए
गोवा पुलिस के वकील ने आरोप लगाया घटना के बाद दोनों आरोपी विदेश भाग गए। उन पर गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके हैं। 8 दिसंबर को जब पुलिस उनके घर पहुंची, परिवार ने उनका ठिकाना बताने से मना कर दिया। अदालत ने राज्य सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने अगली सुनवाई 11 दिसंबर 2025 गुरुवार के लिए तय की है। खबरों के मुताबिक, आग लगने वाली रात ही लूथरा ब्रदर्स ने थाईलैंड के टिकट बुक कर लिए थे और अगले ही दिन देश छोड़ दिया था। आरोपियों की ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई कर रहीं रोहिणी जिला अदालत की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने गोवा पुलिस से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई गुरुवार को होनी है। अग्निकांड के बाद जहां आग बुझाने और लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही थी, उसी रात लूथरा बंधुओं ने थाईलैंड का टिकट बुक किया और सुबह होते ही देश छोड़ दिया, जिसके बाद से दोनों ही फरार चल रहे थे।





