आरएसएस के उत्तर-पूर्व प्रांत के पूर्व सह क्षेत्र प्रचारक गौरी शंकर चक्रवर्ती का निधन
-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व नेडा के संयोजक ने जताया शोक अरविंद राय गुवाहाटी, 24 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर-पूर्व असम प्रांत के पूर्व सह क्षेत्रीय प्रचारक, समाजसेवक गौरी शंकर चक्रवर्ती का बुधवार की सुबह 06.28 मिनट पर नई दिल्ली के एमजी सिटी अस्पताल में इलाजरत अवस्था में निधन हो गया। उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने ट्वीट कर अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की है। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भी ट्वीट कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर-पूर्व प्रांत के पूर्व सह क्षेत्रीय प्रचारक, गौरी शंकर चक्रवर्ती के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है, समाज की सेवा में अपना समर्पित जीवन करने वाले चक्रवर्ती के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। नेडा के संयोजक व असम सरकार के मंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने भी गौरी दा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी विदेही आत्मा की सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। हिन्दुस्थान समाचार