नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। शनिवार सुबह अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12204 में अचानक आग लगने की घटना हुई। ट्रेन लुधियाना से दिल्ली जा रही थी और सरहिंद स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर आगे बढ़ी ही थी कि यात्रियों ने एक कोच से धुआं उठते देखा। जैसे ही स्थिति का पता चला, लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोकी और रेलकर्मियों ने राहत कार्य शुरू कर दिया।
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। रेलवे के आधिकारिक बयान में कहा गया। अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की सूचना मिली थी। सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित निकाला गया और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। ट्रेन जल्द ही अपने गंतव्य के लिए रवाना की जाएगी। दमकल विभाग और राहत दलों ने मिलकर करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग को पूरी तरह काबू में कर लिया। फायर टीमों की तेजी से कार्रवाई की वजह से आग दूसरी बोगियों तक नहीं फैल सकी।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की 19 नंबर बोगी से धुआं उठता देखा गया। कुछ ही पलों में ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे ट्रेन कुछ दूरी पर जाकर रुक गई। डर के मारे कई यात्री ट्रेन से नीचे कूद गए और अपना सामान लेकर बाहर आ गए। रेलवे और पुलिस की टीमें अब भी मौके पर मौजूद हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल ट्रैक की सफाई और ट्रेन को दोबारा रवाना करने की प्रक्रिया चल रही है। इस पूरी घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सतर्कता और कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की, जिससे बड़ा हादसा टल गया।





