गडचिरोली, 24 जून (हि.स.)। गडचिरोली पुलिस के सामने बुधवार को शशिकला आसाराम आंचला उर्फ गुणी ने आत्मसमर्पण किया है। उस पर 6 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शशिकला पर 20 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। गडचिरोली के एसपी अंकित गोयल के अनुसार गडचिरोली जिले की धानोरा तहसील के तहत आने वाले पोमके ग्यारहपत्ती गांव की शशिकला साल 2006 में नक्सल मूवमेंट में शामिल हुई। नक्सलियों के टिपागढ़ दलम की सदस्या के पद पर भर्ती हुई शशिकला फिलहाल टिपागढ़ दलम की एसीएम के पद पर कार्यरत थी। शशिकला पर 20 गंभीर मामले दर्ज थे। अपराधों की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शशिकला पर 6 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पुनर्वास योजना के तहत साल 2019 से लेकर 2021 तक 39 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। गोयल ने कहा कि जो भी नक्सल के रास्ते को छोड़ना चाहते हैं उनका स्वागत है। उन्हें वापस से सामान्य जीवन जीने के लिए आवश्यक बिजली, पानी और नौकरी की व्यवस्था की जाएगी। गोयल ने चेतावनी देते हुए बताया कि जो भी विकास के रास्ते में बाधा बनेगा उसे उसका परिणाम भुगतना होगा। हिन्दुस्थान समाचार/ मनीष





