नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पटना पुलिस ने 1994 बैच के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम उनके घर पहुंची और पूछताछ के बाद उन्हें अपने साथ ले गई। हालांकि पुलिस की ओर से विस्तृत बयान अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इस कार्रवाई के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है।
तेज प्रताप यादव ने बताया कार्रवाई सही
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस कार्रवाई को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि अमिताभ दास अक्सर “अल्ल-बल्ल” बयान देते रहते हैं और बिना तथ्यों के आरोप लगाते हैं। तेज प्रताप ने कहा,“कुछ दिनों पहले मेरे बारे में भी उल्टा-पुल्टा बोला था, जिसका कोई तथ्य नहीं था। अभी निशांत को लेकर जो आरोप लगाए गए, वो भी बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक वे जानते हैं, निशांत एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं और अच्छे परिवार से आते हैं। बिना सबूत के किसी पर आरोप लगाना गलत है।
“सरकार की कार्रवाई लेट, लेकिन सही”
तेज प्रताप यादव ने कहा कि सरकार को पहले ही कदम उठाना चाहिए था, लेकिन देर से ही सही, कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों को बिना सोचे-समझे आरोप लगाने का अधिकार नहीं है। सरकार ने जो कदम उठाया, वह ठीक है। दूसरी ओर तेज प्रताप यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात ठीक नहीं हैं और स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि वे युवा नेता हैं और उन्हें प्रदेश की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। पूर्व आईपीएस की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ पुलिस अपनी कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया बता रही है, वहीं विपक्ष और अन्य दल इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं, जिस पर सभी की नजर बनी हुई है।





