नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अक्सर अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वालीं बीजेपी की पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर ऐसा ही कुछ बयान दिया जो चर्चा में आ गया है। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर पर प्रज्ञा ठाकुर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “आतंकियों ने नहीं, पाकिस्तान से मुस्लिम आए और नाम और धर्म पूछकर हिन्दुओं को मार दिया।।”
पहलगाम हमले पर क्या बोलीं प्रज्ञा ठाकुर
एक मीडिया चैनल से बातचीत में पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, “मुस्लिम ने हिन्दुओं पर गोलियां चलाई और उनको मौत के घाट उतार दिया। इसलिए ऑपरेशन सिंदूर हिन्दुत्व का प्रतीक है। सिन्दूर हिन्दुओं में सुहाग का प्रतीक है। पाकिस्तान से आए लोगों ने पहलगाम में महिलाओं के सुहाग को उजाड़ दिया, इसलिए इसका नाम ऑपरेशन सिंदूर रखा गया।”
प्रज्ञा ठाकुर ने आगे कहा, ”यह बहुत ही वीभत्स और हृदयविदारक घटना है। भारत इसका बदला जोरदार तरीके से लेगा। जिन लोगों ने कृत्य किया हैं, उनको भारत नहीं छोड़ेगा। उस देश को भारत नहीं छोड़ेगा, जहां से ये पनपते और पलते हैं।”
‘पाकिस्तान में सभी आतंकी हैं’- प्रज्ञा ठाकुर
प्रज्ञा ठाकुर ने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा “पाकिस्तान में सभी आतंकी हैं। चाहे उनकी सेना हो, चाहे सीएम हों या पीएम हों, सभी आतंकवादी हैं। इन्हें आतंकवादी कह सकते हैं, लेकिन ये भारत में मुसलमान बनकर आए थे और हिन्दुओं को धर्म पूछकर मारा। उनका पहले से ही प्लान था कि अगर किसी ने झूठ कह दिया कि हम मुसलमान हैं, तो उनसे कलमा पढ़ाया जाएगा। नहीं पढ़ने पर उसे गालियों से मार दिया जाएगा।”
उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती पर क्या बोली प्रज्ञा ठाकुर
पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला और पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने कहा था केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य के पास नहीं बल्कि उप राज्यपाल के पास होती है। इस पर बीजेपी नेता प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, “उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती ये लोग कभी नहीं चाहते कि अनुच्छेद-370 हटाया जाए। इससे पहले मुफ्ती ने कहा भी था कि अगर 370 हटाई गई तो खून की नदियां बहेंगी। इन लोगों के रहते हुए कश्मीर में कभी शांति स्थापित नहीं हो सकती।” ये लोग कश्मीर के विकास में बाधा है।




