नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली में सोमवार को घनी धुंध की चादर छाई रही, हवा में सांस लेना मुश्किल हो गया। प्रदूषण स्तर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज हुआ, जबकि 4 नवंबर यानी आज मंगलवार को वायु गुणवत्ता और गिरकर ‘गंभीर’ स्तर तक पहुंच सकती है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार शाम चार बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 309 दर्ज किया गया। यह आंकड़ा बताता है कि राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक बना हुआ है और हालात फिलहाल सुधरने के आसार नहीं हैं।
बुराड़ी में AQI 400 रहा
सीपीसीबी के ‘समीर ऐप’ के अनुसार, दिल्ली के बुराड़ी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वजीरपुर में यह 390 दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी के 23 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 300 से ऊपर रहा, जो ‘बेहद खराब’ स्थिति दर्शाता है।
AQEWS ने जारी किया चेतावनी
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (AQEWS) के अनुसार, सोमवार शाम और रात में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की रफ्तार आठ किलोमीटर प्रति घंटे से कम हो गई, जिससे प्रदूषण का फैलाव घटा। हालांकि, प्रणाली ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रह सकती है।
दिक्कत पैदा कर सकता प्रदूषक
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पीएम 2.5 की सांद्रता 155 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 10 की 278 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। इस खतरनाक स्तर पर प्रदूषक सांस लेने में दिक्कत पैदा कर सकते हैं, खासकर हृदय या फेफड़ों की बीमारियों से पीड़ितों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
AQI के मानकों के अनुसार, 0 से 50 तक ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी मानी जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक होती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.9 डिग्री अधिक है, यानी राजधानी में हल्की गर्माहट बनी रही।
29 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान
शाम साढ़े पांच बजे राजधानी में आर्द्रता का स्तर 58 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मंगलवार सुबह दिल्ली में घनी धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।





