जालोर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के जालोर जिले के करड़ा गांव के समीप बुधवार को स्कूल से लौट रहे छह विद्यार्थियों को एक कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पांच विद्यार्थियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में तीन छात्राएं और दो छात्र हैं। ये बच्चे छठी से दसवीं के विद्यार्थी थे। हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख प्रकट किया है। करड़ा थाना अधिकारी अवधेश सांदू ने बताया कि हादसे में रमिला पुत्री जामताराम देवासी और रवीना पुत्री रतनाराम देवासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुरेश कुमार पुत्र बेचराराम देवासी, विक्रम कुमार पुत्र वचनाराम देवासी और कमला पुत्री बेचराराम देवासी की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हुई। वीणा पुत्री वचनाराम देवासी निवासी दांतवाड़ा को सांचौर रेफर किया गया है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दांतवाड़ा गांव के बच्चे स्कूल से लौट रहे थे। इसी दौरान छह बच्चे तेज रफ्तार से आ रही इनोवा कार की चपेट में आ गए। दो की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क से नीचे उतर किनारे पर चल रहे बच्चों के ऊपर से होकर उन्हें कुचलते हुए खेतों में चली गई। सूचना मिलने पर लोगों ने मौके पर एकबारगी रास्ता जाम करने की कोशिश भी की, लेकिन समझाने पर मान गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। कार पर गुजरात का नम्बर है। इनोवा में दो लोग सवार थे। इनमें से एक को पुलिस ने पकड़ लिया है। ड्राइवर अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। वह पास के ही करड़ा गांव का रहने वाला है और नशे का आदी है। ऐसे में शक है कि ड्राइविंग के दौरान भी वह नशे में रहा होगा। सभी बच्चे दांतवाड़ा के सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। चार बजे स्कूल की छुट्टी होने पर सभी घर जा रहे थे। इन सभी का घर स्कूल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। 15 मिनट चलने के बाद वे घर पहुंचने ही वाले थे कि रास्ते में इनोवा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाला विक्रम 4 बहनों का अकेला भाई था। घटना के बाद मौके पर गांववालों की भीड़ जुट गई। हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर संवेदना प्रकट की है। उन्होंने लिखा कि जालोर के करड़ा क्षेत्र के गांव दांतवाड़ा में गाड़ी की टक्कर से स्कूल से लौट रहे 5 बच्चों की मृत्यु बेहद हृदयविदारक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल अभिभावकों एवं परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायल बच्ची के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है। हिन्दुस्थान समाचार/ रोहित/ ईश्वर




