नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। राज्य की राजधानी पटना में दिनदहाड़े गोलिया चल रही है। इसी के साथ एक बार फिर पटना में हत्या की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। इस बार शहर के निजी अस्पताल पारस अस्पताल में अपराधियों ने दिनदहाड़े घुसकर गोलीबारी कर गए। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई है। वारदात में कैदी मरीज की मौत हो गई, जिसे बदमाशों ने गोली मारी थी। पुलिस ने भी इसकी पुष्टी कर दी है।
पैरोल पर बाहर लाया गया था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में जिस शख्स को गोली मारी गई है, उसकी पहचान चंदन मिश्रा के रूप में हुई है। चंदन पहले एक अपराध मामले में बक्सर के बेउर जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे पैरोल मिली और वह इलाज के लिए पारस अस्पताल आया था।
पटना सेंट्रल रेंज IG जितेंद्र राणा ने दी जानकारी
अस्पताल में गोलीबारी की घटना पर पटना सेंट्रल रेंज IG जितेंद्र राणा ने कहा, “बक्सर जिले के निवासी चंदन मिश्रा नामक अपराधी को पारस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था और प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने उसे गोली मार दी। उसे कई गोलियां मारी गईं।
IG जितेंद्र राणा ने आगे कहा कि, बक्सर पुलिस के सहयोग से हमलावरों की पहचान की जा रही है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि इस घटना में पुलिस के सुरक्षा गार्ड शामिल थे। हम इस पहलू की भी जांच करेंगे।”
‘चंदन बक्सर का दुर्दांत अपराधी था’
SSP कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, चंदन मिश्रा बक्सर का एक दुर्दांत अपराधी था, इस पर दर्जनों से ज्यादा हत्या का मामला चल रहा है। बक्सर में चंदन शेरो गैंग चलता था, उसी गैंग का यह लीडर था। प्रथम दृष्टया देखने से प्रतीत होता है की गैंगवार में गोली मारी गई है। उसकी मौत हो गई है।
SSP कार्तिकेय ने कहा कि, CCTV फुटेज में अपराधियों के जो चेहरे सामने आए हैं, उसको बक्सर पुलिस से हम लोग वेरीफाई कर रहे हैं। CCTV फुटेज देखने से यह प्रतीत हो रहा है की गैंगवार में घटना को अंजाम दिया गया है और जो विरोधी गुट वाले हैं, उन्होंने घटना को अंजाम दिया है। मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जएगा।





