नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोलकाता के आरजी कर अस्पातल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले को लेकर अस्पताल में बुधवार की रात को तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि ये तोड़फोड़ TMC कार्यकर्ताओं ने की थी। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के साथ भी मारपीट की गई। मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कहा है कि अस्पताल प्रशासन के द्वारा सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। इस संबंध में एक वीडियो भी शेयर किया गया है। जिसमें भीड़ के द्वारा अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ करना दिखाया गया है।
FORDA ने हड़ताल करने का किया फैसला
अब बुधवार को हुई हिंसा और तोड़फोड़ को लेकर फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने एक बार फिर से हड़ताल करने का फैसला किया है। FORDA ने कहा है कि काम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा करने में सरकार विफल रही है। जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।
हमारी प्रतिबद्धताओं को नहीं मिल रहा उचित सम्मान- FORDA
FORDA ने कहा है कि हमारी प्रतिबद्धताओं और सेवा को सरकार उचित सम्मान नहीं दिला पा रही है। यह उसकी बड़ी विफलता है। हाल के घटनाक्रम की गंभीरता और न्याय की मांग को देखते हुए हमने फिर से हड़ताल करने का फैसला किया है।
9 अगस्त को बरामद हुआ था शव
गौरतलब है कि 9 अगस्त को कोलकाता के आरजीकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 साल की महिला रेजिडेंट डॉक्टर का शव मिला था। शरीर के कई अंगों से खून निकल रहा था और गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई थी। जिसके बाद पता चला कि ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और संजय नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि डॉक्टरों का गुस्सा इसके बाद भी थमा नहीं वो लगातार CBI जांच की मांग करते रहे। इस घटना के 5 दिन बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो कोर्ट ने मामला CBI को सौंप दिया।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




