नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के घंटाघर चौराहे पर बना स्पीड ब्रेकर लोगों के लिए आफत बन गया। गलत तरीके से बने इस स्पीड ब्रेकर पर कोई निशान नहीं बना था जिससे ये पता ही नहीं चल रहा था कि वहां पर कोई स्पीड ब्रेकर है। इस स्पीड ब्रेकर की वजह से कई गाड़ियां डिसबैलेंस हो गईं और कई दो पहिया वाहन गिर गए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें इस ब्रेकर की वजह से 15 मिनट के अंदर सात एक्सिडेंट होते दिख रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन हादसों में एक छोटा बच्चा घायल भी हुआ है।
वीडियो के वायरल होने के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने जानकारी दी है कि शहर के स्पीड ब्रेकरों को लेकर इंजीनियर को नोटिस जारी करके उनसे जवाब मांगा गया है।
हवा में उछलती दिख रही गाड़ियां
घंटाघर चौराहे पर बने स्पीड ब्रेकर का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा रहा है कि टू व्हीलर और फोर व्हीलर चालक इन स्पीड ब्रेकर पर से गुजरते समय हवा में उछलते जा रहे हैं। इस स्पीड ब्रेकर के कारण लगातार कई दुर्घटनाएं हुईं। स्थानीय लोगों ने 15 मिनट के अंदर हुईं इन दुर्घटनाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इन हादसों में एक बच्चा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बच्चा अपने माता-पिता के साथ बाइक पर बैठा था, स्पीड ब्रेकर के कारण वह अचानक छिटक कर गिर गया।
जिलाधिकारी ने शो कॉज नोटिस जारी किया
इस मामले में पीडब्लूडी सचिव ने स्पष्टीकरण मांगते हुए जिलाधिकारी ने शो कॉज नोटिस जारी किया है। गौरतलब है कि देहरादून में हाल ही में सप्ताह सड़क सुरक्षा के मद्देनजर डीएम सविन बंसल के निर्देश के बाद कई स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, स्टॉप लाइन और डिवाइडर बनवाए गए हैं। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि सरकार ने हादसों को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर तो बना दिए, लेकिन ये मानकों के विपरीत और खतरनाक साबित हो रहे हैं।





