नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने अपना अनशन खत्म करने का फैसला लिया है। डल्लेवाल ने फतेहगढ़ साहिब में किसान महापंचायत के दौरान इस बात की घोषणा कर दी कि वह अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म कर रहे हैं। शनिवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जगजीत सिंह डल्लेवाल से आंचल समाप्त करने की अपील की थी जबकि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनसे अनशन खत्म करके बातचीत की टेबल पर आने की अपील कर चुके हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू ने अनशन खत्म करने की अपील की
शनिवार को कांग्रेस से भाजपा में गए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा की संसद सत्र के दौरान सभी मंत्रियों और बीजेपी के नेताओं ने किसान नेता डल्लेवाल के हाल-चाल के बारे में जानकारी ली। बिट्टू ने कहा की भाजपा की केंद्र सरकार ने किसानों के हित के लिए कई बार उनसे चर्चा की है और वह चाहते हैं कि जगजीत सिंह डल्लेवाल अपना अनशन खत्म करके केंद्र के साथ बातचीत कर इस मामले को सुलझाएं। रवनीत बिट्टू ने कहा कि वह किसानों का दर्द भली भांति समझते हैं क्योंकि वह भी किसान परिवार से ही आते हैं।
MSP की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर अनशन पर थे डल्लेवाल
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल 23 नवंबर 2024 से अनिश्चितकाल अनशन पर बैठे थे। उनकी मांग थी की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी किसानों को दी जाए। इस बीच केंद्र सरकार की ओर से कई बार बातचीत का प्रस्ताव भी दिया गया लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई।
बता दें कि बीते दिनों पंजाब पुलिस ने पंजाब हरियाणा बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को हटा दिया था इसके बाद किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया था।





