नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद और मशहूर भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक आईडी चलाए जाने का मामला सामने आया है। सांसद ने आरोप लगाया है कि कोई उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहा है। इस मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मनोज तिवारी ने इसे पूर्व नियोजित साजिश बताया और नई दिल्ली जिले के अंतर्गत साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब इस फर्जी अकाउंट से जुड़े लोगों की जांच में जुट गई है।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने बीते शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर अपने प्रशंसकों और आम लोगों को सावधान किया। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर केवल वही अकाउंट आधिकारिक है जिस पर ब्लू टिक लगा हुआ है। सांसद ने आशंका जताई कि फर्जी अकाउंट के जरिए भ्रामक और गलत सूचनाएं फैलाई जा सकती हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फर्जी प्रोफाइल “Monoj Tiwari BJP” नाम से संचालित की जा रही है।
फर्जी अकाउंट में नाम-तस्वीर का दुरुपयोग
मनोज तिवारी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में खुलासा हुआ है कि फर्जी फेसबुक अकाउंट पर उनके नाम, तस्वीरों और वीडियो का बिना अनुमति इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोप है कि इस अकाउंट के जरिए आम लोगों को गुमराह करने वाले संदेश फैलाए जा रहे थे। बीजेपी सांसद का कहना है कि सोशल मीडिया पर नकली पहचान बनाकर की जा रही ये गतिविधियां उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हैं। इसी के चलते उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के बाद भी अब तक नहीं मिला कोई सुराग
मनोज तिवारी के अनुसार उन्होंने 22 जनवरी को ही नई दिल्ली में फर्जी फेसबुक अकाउंट को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। बावजूद इसके कई दिन बीत जाने के बाद भी उस अकाउंट को चलाने वाले व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लग पाया है। अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर सांसद ने नाराजगी जताई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को गंभीर साइबर अपराध मानते हुए आईटी एक्ट की धारा 66C (पहचान की चोरी) और बीएनएस की धारा 356(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फर्जी अकाउंट बनाने वाले की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।





