नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 10 नक्सली मार गिराये हैं। मारे गए नक्सलियों के पास से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ दंतेवाड़ा और बीजापुर के सीमावर्ती इलाके में चल रही है।
10 बजे से जारी है मुठभेड़
सुरक्षाबलों को पश्चिम बस्तर डिवीजन में माओवादियों के जमावड़े की खबर मिली थी। खबर मिलते ही सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को न्यूट्रलाइज़ करने के लिए संयुक्त ऑपरेशन चलाया। सुबह 10 बजे से लगातार पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
सुबह-सुबह सर्चिंग के लिए निकले थे जवान
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को जानकारी मिली थी कि इलाके में नक्सली छिपे हुए हैं। जिसके बाद सुरक्षाबल सुबह-सुबह सर्चिंग के लिए इलाके में निकले हुए थे। तभी नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच फायरिंग हो गई। सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है।
बस्तर रेंज के आईजीपी सुंदरराज पी ने दी जानकारी
इस संबंध में बस्तर रेंज के आईजीपी सुंदरराज पी ने समाचार एजेंसी PTI को जानकारी दी कि दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर स्थित जंगलों में सुरक्षा बलों के एक दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए भेजा गया था। इसी दौरान सुबह साढ़े 10 बजे दल का नक्सलियों से सामना हो गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए डिस्ट्रिक रिजर्व गार्ड और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को भेजा गया है।
2024 में अबतक 154 नक्सली मारे गए
उन्होंने बताया कि काफी देर तक दोनों पक्षों से गोलीबारी होती रही। जिसके बाद सुरक्षाबलों के द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान में 10 नक्सलियों के शव मौके से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ वाली जगह से सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। वहीं इस मुठभेड़ में सभी सुरक्षाकर्मी सुरक्षित हैं। इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। पुलिस के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इस साल मुठभेड़ में अबतक छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के 154 नक्सलियों को मार गिराया है।





