नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। Emmanuel Macron अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं। मंगलवार आधी रात के करीब वह मुंबई पहुंचे। भारत पहुंचने पर Narendra Modi ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। साल 2017 में राष्ट्रपति बनने के बाद यह मैक्रों की चौथी भारत यात्रा है।
सोशल मीडिया पर दिखी दोस्ती
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मैक्रों का स्वागत करते हुए लिखा, “वेलकम टू इंडिया, माय डियर फ्रेंड। भारत आपकी यात्रा से उत्साहित है। मुझे भरोसा है कि हमारी चर्चा सहयोग को और मजबूत करेगी और वैश्विक प्रगति में योगदान देगी।” इससे पहले मैक्रों ने भी विमान से भारत की ओर आते हुए तस्वीर साझा की और लिखा कि यह दौरा भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा।
114 राफेल डील पर लग सकती है मुहर
इस दौरे का सबसे बड़ा फोकस रक्षा सौदे पर माना जा रहा है। खबर है कि 114 नए राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद पर अहम चर्चा हो सकती है। यह डील मल्टी-बिलियन डॉलर की बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत अधिकतर विमानों का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारत में किया जा सकता है। अगर यह समझौता होता है तो यह भारत-फ्रांस रक्षा संबंधों में बड़ी उपलब्धि होगी।
AI और टेक्नोलॉजी पर भी चर्चा
नई दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी चर्चा का मुख्य विषय रहेगा। दोनों नेता टेक्नोलॉजी, डिजिटल इनोवेशन और स्टार्टअप सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर विचार करेंगे। मैक्रों के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें बड़े कारोबारी, उद्योगपति और डिजिटल क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हैं। भारत और यूरोपीय संघ के बीच हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के बाद यह दौरा व्यापार और निवेश को नई दिशा दे सकता है। मुंबई और दिल्ली में होने वाली बैठकों के दौरान रक्षा, तकनीक, व्यापार और सांस्कृतिक सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।





