नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल राज्य विधानसभा चुनावों के संबंध में राजनीतिक दलों और नेताओं को कड़ी चेतावनी दी है कि प्रचार के दौरान कोविड-19 नियमों का पालन करें। अन्यथा उनके खिलाफ आपदा प्रबंधन कानून और महामारी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शेष तीन चरणों के संबंध में चुनाव आयोग ने यह चेतावनी जारी की है। राज्य में छठे चरण का मतदान कल होगा, जबकि सातवें और आठवें चरण के लिए चुनाव प्रचार अभी जारी है। उल्लेखनीय है कि विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं ने अपने चुनाव प्रचार और चुनाव सभाओं को सीमित कर दिया है। राजनीतिक दलों ने इस संबंध में पार्टी इकाइयों को निर्देश भी जारी किए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अनूप





