नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र की सियासत में नया मोड़ सामने आया है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने उल्हासनगर के दबंग नेता और पूर्व विधायक पप्पू कलानी के परिवार से गठबंधन कर लिया है। इस गठजोड़ की घोषणा तब हुई जब पप्पू कलानी के बेटे ओमी कलानी ने शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे से मुलाकात की और आगामी उल्हासनगर महानगर पालिका चुनाव में समर्थन देने का ऐलान किया।
बता दें कि पप्पू कलानी लंबे समय से अपराध और राजनीति के गठजोड़ के प्रतीक माने जाते हैं। वे उल्हासनगर से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ और विवादित छवि के लिए चर्चित हैं। इस नई राजनीतिक साझेदारी ने महायुति गठबंधन (बीजेपी-शिवसेना-एनडीए) के भीतर तनाव बढ़ने की संभावना को जन्म दे दिया है, क्योंकि उल्हासनगर से मौजूदा विधायक बीजेपी के हैं और पिछली विधानसभा चुनाव में इन्हीं ओमी कलानी को बीजेपी ने हराया था। अब जबकि बीजेपी और शिवसेना दोनों ही पालिका चुनाव की तैयारी में जुटे हैं, यह गठबंधन स्थानीय स्तर पर सीट बंटवारे और रणनीतिक तालमेल को लेकर विवाद खड़ा कर सकता है।
उल्हासनगर में पप्पू कलानी का वर्षों रहा है दबदबा
एक समय था जब पप्पू कलानी का नाम उल्हासनगर की राजनीति में दबदबे का पर्याय माना जाता था। 1990 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधायक बने पप्पू कलानी ने लगातार कई बार चुनाव जीतकर अपने प्रभाव को साबित किया। 1995 और 1999 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की। 2004 में आरपीआई के टिकट पर चुनाव लड़कर फिर से जीत हासिल की। इन सभी चुनावों में उन्होंने बीजेपी उम्मीदवारों को हराया। हालांकि, 2009 में उनका विजय रथ थमा, जब बीजेपी के प्रत्याशी से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2014 के विधानसभा चुनाव में पप्पू कलानी ने शरद पवार की पार्टी (NCP) के टिकट पर वापसी की और जीत दर्ज की। लेकिन, 2019 के चुनाव में उन्हें एक बार फिर बीजेपी उम्मीदवार से हार मिली।
2024 में बेटे ओमी कलानी को भी मिली हार
2024 के विधानसभा चुनाव में एनसीपी ने पप्पू कलानी के बेटे ओमी कलानी को टिकट दिया, लेकिन बीजेपी के आयलानी कुमार उत्तमचंद ने उन्हें 30,000 से ज्यादा वोटों से हरा दिया। आयलानी कुमार को 82,231 वोट मिले जबकि ओमी कलानी को 51,477 वोट हासिल हुए।
घनश्याम भाटीजा हत्याकांड में पप्पू कलानी को हो चुकी है उम्रकैद
पप्पू कलानी का नाम केवल राजनीति में ही नहीं, बल्कि अपराध की दुनिया में भी गूंजता रहा है। कलानी के खिलाफ 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े मामले शामिल हैं। 2013 में अदालत ने पप्पू कलानी को घनश्याम भाटीजा मर्डर केस में उम्रकैद (आजीवन कारावास) की सजा सुनाई थी। यह हत्या 27 फरवरी 1990 को ठाणे जिले के उल्हासनगर स्थित पिंटो रिसॉर्ट्स के पास हुई थी। इस मामले ने उस समय महाराष्ट्र की राजनीति और अपराध-जगत में भूचाल ला दिया था। कलानी परिवार का व्यवसाय भी चर्चा में रहा है। यह परिवार शराब के कारोबार, भट्टियों, और होटल इंडस्ट्री से जुड़ा रहा है, जिससे उन्हें व्यापक आर्थिक और स्थानीय प्रभाव मिला है।





