नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और गुजरात चुनाव प्रभारी दुर्गेश पाठक के घर पर CBI ने छापा मारा है। यह रेड उस वक्त हुई जब AAP ने 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत की है। पार्टी नेताओं ने इस कार्रवाई को सियासी साजिश बताया है।
CBI की कार्रवाई पर AAP का आरोप: “यह सिर्फ़ एक इत्तेफाक नहीं”
CBI की इस रेड के बाद आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि जैसे ही AAP ने गुजरात चुनाव को लेकर कमर कसी, वैसे ही केंद्र सरकार ने डर दिखाने की कोशिश शुरू कर दी।
आतिशी का हमला: “भाजपा की बौखलाहट दिखा रही है यह रेड”
नेता विपक्ष आतिशी ने एक्स पर लिखा,”आम आदमी पार्टी ने जैसे ही गुजरात चुनाव की तैयारी शुरू की, गुजरात के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक के घर CBI रेड करने पहुंच गई! गुजरात में आप ही भाजपा को चुनौती दे सकती है और यह रेड इनकी बौखलाहट दिखा रही है। हम डरने वाले नहीं हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा- “गुजरात की जिम्मेदारी मिली तो पड़ गया छापा”
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “पिछले गुजरात चुनाव में भी हमारे नेताओं को निशाना बनाया गया था। अब जब दुर्गेश पाठक को फिर से जिम्मेदारी मिली है, तो CBI की रेड पड़ गई।
संजय सिंह ने कहा- “गुजरात में भाजपा की हालत पतली है”
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी CBI रेड की निंदा करते हुए कहा,”मोदी सरकार AAP को खत्म करने के हथकंडे अपना रही है। गुजरात में भाजपा की हालत खराब है, इसलिए डर की वजह से CBI को भेजा गया है।”
मनीष सिसोदिया बोले: “CBI की दस्तक में BJP का डर सुनाई देता है”
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “गुजरात चुनाव 2027 की जिम्मेदारी मिलते ही दुर्गेश पाठक के घर पर CBI रेड! ये कोई इत्तेफाक नहीं, ये बीजेपी की डर से निकली साजिश है।
क्या है पूरा मामला?
CBI की टीम ने आज सुबह दुर्गेश पाठक के घर पहुंचकर रेड की। हालांकि अभी तक इस रेड को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि किस मामले में छापा मारा गया है। AAP का दावा है कि यह सब राजनीति से प्रेरित है। आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वो इस तरह की कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है। पार्टी ने दावा किया है कि गुजरात में उन्हें ही भाजपा की असली चुनौती माना जा रहा है, और यही कारण है कि उनके नेताओं को टारगेट किया जा रहा है।





