नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई राजनीतिक बैठक नहीं, बल्कि दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई कथित तीखी नोकझोंक और मारपीट की धमकी है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) के बीच किसी मुद्दे को लेकर गंभीर विवाद हुआ, जो बातों से बढ़कर खुलेआम धमकी तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक अधिकारी ने दूसरे को जूते से मारने तक की धमकी दे डाली। मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कर ली गई है और अब इस पर आधिकारिक जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार के OSD एच. अंजनेय ने मुख्यमंत्री के सहायक रेजिडेंट कमिश्नर और OSD मोहन कुमार सी पर खुलेआम धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत में अंजनेय ने दावा किया है कि मोहन कुमार ने अन्य कर्मचारियों के सामने उन्हें “जूते उतारकर पीटने” की धमकी दी।
ग्रुप-बी अधिकारी अंजनेय ने इस सिलसिले में रेजिडेंट कमिश्नर और कर्नाटक के मुख्य सचिव को एक आधिकारिक शिकायत सौंपी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि मोहन कुमार के पदभार संभालने के बाद से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और उनके कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अब जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
मुख्य सचिव ने दिए जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने मामले की आधिकारिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और राज्य सरकार अपने दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई इस सार्वजनिक झड़प पर क्या कार्रवाई करती है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और इसमें किसकी गलती है।





