नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। दिल्ली पर अगस्त के महीने में बारिश मेहरबान है। इस महीने लगभग रोज ही दिल्ली-NCR के अलग-अलग हिस्से में बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR में मंगलवार को रुक-रुक कर बारिश हुई और तापमान 0.6 डिग्री कम होकर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी बीच IMD का अनुमान है कि स्वतंत्रता दिवस पर भी राजधानी में बारिश हो सकती है।
स्वतंत्रता दिवस पर बारिश की संभावना
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, उस समय बारिश होने की संभावना है। IMD ने बुधवार से शुक्रवार तक हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ छींटे पड़ने या बिजली गिरने की संभावना है।
बारिश के कारण हो सकती है दुर्घटनाए
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हल्की से मध्यम बारिश के कारण ट्रैफिक जाम और वाहन दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है। निचले इलाकों और सड़कों पर पानी भर सकता है, इसलिए घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। IMD ने लोगों से अपील की है कि वे अपने गंतव्य के लिए निकलने से पहले रास्ते की ट्रैफिक स्थिति की जानकारी अवश्य लें और उन क्षेत्रों में जाने से बचें जहां जलभराव की समस्या हो सकती है। पिछले 24 घंटों में पालम में 29.4 मिमी, लोदी रोड में 24.7 मिमी और नजफगढ़ में 41.5 मिमी बारिश हुई। इस दौरान आर्द्रता का स्तर 92 प्रतिशत तक पहुंच गया था। बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 33 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर बढ़ा
लगातार हो रही बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे दिल्ली सरकार अलर्ट पर है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि यमुना का जलस्तर 204.35 मीटर तक पहुंच गया है और हथिनी कुंड बैराज से 13 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




